उज्जैन : लॉकडाउन में पैदल यात्रा निकाल रहे कांग्रेस विधायक महेश परमार सहित 7 लोगो को पुलिस ने किया गिरफ्तार
उज्जैन
उज्जैन महाकाल मंदिर के बाहर आज उस समय हंगामा मच गया जब कांग्रेस के विधायक महेश परमार और विधायक मनोज चावला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरअसल दोनों विधायक बीजेपी सरकार की नाकामी को लेकर किसान मजदूर अन्याय यात्रा निकालना चाहते थे।
उज्जैन महाकाल मंदिर के बाहर एडीएम एसडीएम सहित पुलिस के आला अधिकारियों ने कांग्रेस के दो विधायक सहित 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर भैरवगढ़ जेल भेज दिया। दरअसल कांग्रेस के तराना विधायक महेश परमार और आलोट विधानसभा सीट से विधायक मनोज चावला अपने पांच कांग्रेसियों के साथ भगवान महाकाल के दर्शन कर भोपाल के लिए पैदल यात्रा निकालना चाहते थे। जिसकी विधिवत उन्होंने परमिशन भी ली थी। हाथों में तिरंगा लिए बाबा महाकाल के दर्शन कर यह यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे कांग्रेस के विधायक और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने महाकाल मंदिर से आगे जाने से रोक दिया। इस बात से नाराज होकर कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता विधायक मंदिर के सामने ही धरने पर बैठ गए और आला अधिकारियों से मांग करने लगे कि उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है। चाहे तो वह उन्हें गोली मार दे लेकिन वह पैदल यात्रा निकाल कर रहेंगे।
विधायक के जिद के चलते पहले तो प्रशासन ने अधिकारियों ने और पुलिस के आला अधिकारी सहित एसपी ने भी कार्यकर्ताओं और विधायक को समझाने की कोशिश की लेकिन जब दोनों ही विधायक अपनी यात्रा निकालने की बात को लेकर अड़े रहे तो प्रशासन ने धारा 144 सहित कर्फ्यू के उल्लंघन की धाराओं में केस दर्ज कर सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर केन्द्रीय भेरूगढ़ जेल भेज दिया।