बड़े बदलाव की तैयारी में कांग्रेस, "नया फार्मूला तैयार", आलाकमान भी राज़ी, बड़े नेताओं की होगी परीक्षा

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – उपचुनावों में मिली करारी हार के बाद अब कांग्रेस की नज़रे नगरीय निकाय चुनावों पर हैं। इस चुनाव को जीतने के लिए कांग्रेस ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी अब सख्ती के मूड में आ गए हैं। कमलनाथ अब संगठन में आमूल चूल परिवर्तन करने का मन बना चुके हैं। साथ ही कांग्रेस आलाकमान भी संगठन में बड़ा बदलाव करने पर सहमत हैं। कांग्रेस के भरोसेमंद सूत्रों की माने तो कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से कार्यकारिणी बनाने में लगी हैं।
सूत्रों की बात पर भरोसा करें तो पार्टी ने एक नया फार्मूला तैयार किया है जिसके आधार है “जो काम करेगा वही टिकेगा” बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस ने ये फार्मूला दिल्ली भेजा हैं। इस फार्मूले के आधार पर पार्टी क्षत्रपों का भी आंकलन करेगी। बताया जा रहा है कि जल्द ही प्रदेश की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया जाएगा। इसके बाद नई कार्यकारिणी का गठन होगा। इसमें नए और जमीनी चेहरों को ही तवज्जो मिलेगी।
कांग्रेस संगठन ने जो नया फार्मूला तैयार किया है उसका आधार है “जो काम करेगा, उसे ही तवज्जो” … सूत्र बताते हैं कि नगरीय निकाय चुनाव में एक-एक वार्ड तक के कामों पर पार्टी नजर रखेगी। बेहतर परिणाम देने वाले नेताओं को परखा जाएगा। जो भी कार्यकर्ता या नेता अपने क्षेत्र में बेहतर परिणाम देगा पार्टी उसे संगठन में जगह देगी। जबकि जो अपने इलाके में चुनाव जिताने में सफल नहीं रहेंगे उनको संगठन से बाहर करने का मन पार्टी बना चुकी हैं।
ऐसे में नगरीय निकाय चुनाव से बड़े नेताओं की परीक्षा होगी। बहरहाल अब देखना ये दिलचस्प हो गया है कि इन चुनावों में कांग्रेस का किस तरह का प्रदर्शन रहता हैं। क्या कांग्रेस इन चुनावों में जीत हासिल कर पाएगी या नहीं?? इस पर सबकी नज़रे टिकी होंगी।




