ग्वालियर के बाढ़ प्रभावित गांवों में कलेक्टर का दौरा, बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर खाया खाना

ग्वालियर: ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह बुधवार को बाढ़ प्रभावित गांवों में पीड़ितों का मनोबल बढ़ाने के लिए पहुंचे। उन्होंने वहाँ की स्थिति का जायजा लेते हुए बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही सहायता का भी जायजा लिया. इसके अलावा कलेक्टर ने सर्वे का कार्य भी चेक किया और बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर राहत कैंप का ही खाना खाया. इससे ग्रामीणवासियों में यह विश्वास जागा कि उनके लिए बनाया जाने वाला खाना इस स्तर का है कि जिले का सबसे बड़ा अधिकारी भी खा रहा है.
कलेक्टर सिंह ने इस अवसर पर निर्देश दिये कि बाढ़ राहत शिविरों से लौटकर आये सभी परिवारों को अस्थाई आवास बनाने के लिए सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चि करें साथ ही जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें 6 हजार रूपये की तात्कालिक सहायता भी उपलब्ध करायें. उन्होंने डबरा विकास खण्ड के ग्राम बाबूपुर व कैथोदा तथा भितरवार विकास खण्ड के ग्राम नजरपुर, सहारन व आदमपुर सहित अन्य ग्रामों में पहुंच कर सर्वेक्षण कार्य का भी जायजा लिया. साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों से चर्चा कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सर्वे का कार्य पूरा होते ही राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत राहत वितरित की जायेगी.
इस मौके पर कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित लोगों को आस्वाशन भी दिलाया कि जिला प्रशासन की टीमों द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है. यदि किसी को अपना पक्ष या बात रखनी हो तो वह सर्वेक्षण दल को बता सकता है. आप सबकी संतुष्टि के साथ दावे आपत्तियों का निराकरण किया जायेगा. उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में लगे शासकीय सेवकों एवं ग्रामवार तैनात नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाढ़ प्रभावित लोगों की संतुष्टि के बाद ही सर्वेक्षण को अंतिम रूप दें.




