
मध्यप्रदेश/भोपाल : गुरुवार की रात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने आवास पर सभी मंत्रियों को भोज के लिए आमंत्रित किया। इस मौके पर लगभग सभी मंत्री पहुंचे, हालांकि कुछ मंत्री अपने अपने क्षेत्र में कार्यक्रम होने के चलते इस भोज में शिरकत नहीं कर सके।
भोज के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने मंत्रियों को विभागीय तबादले सोच समझकर करने की हिदायत दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने साथी मंत्रियों को तबादलों को लेकर समझाइश दी कि वे बेहद सोच समझकर तबादले करें और ऐसे व्यक्तियों से सतर्क रहें जो तबादलों के नाम पर लेनदेन का काम करते हैं। उन्होंने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में जाकर बैठक कर समन्वय बनाने की बात भी कही।
सीएम ने मंत्रियों से यह भी कहा कि प्रभार के जिलों के दौरे पर जाएं तो कम से कम दो दिन और एक रात्रि उस जिले में बिताए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि विधायक, सांसद और प्रबंध समिति के सदस्यों के परामर्श के बाद ही मंत्री तबादले करें।