मंत्रिमंडल विस्तार से पहले घमासान की स्थिति, 90% मंत्रियों को बदलने की कवायद! फाड़े गए बैनर, अटकलों का दौर तेज़ 

गुजरात : गुजरात के नए मुख्यमंत्री और पहली बार के विधायक भूपेंद्र पटेल ने विधानसभा चुनाव से एक साल पहले विजय रूपाणी के अचानक पद से हटने के दो दिन बाद सोमवार को शपथ ली। रविवार को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए पटेल (59) को राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजभवन में एक सादे समारोह में राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

भूपेंद्र पटेल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद से ही राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलों का दौर ज़ोरों पर है। मंगलवार को गुजरात बीजेपी प्रवक्ता यमल व्यास ने कहा था चर्चा चल रही है और शपथ ग्रहण बुधवार या गुरुवार को होगा। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के तहत मंत्रियों के शपथ ग्रहण के समय उनके नामों की घोषणा की जाएगी। लेकिन बुधवार को भी मंत्रिमंडल का विस्तार टल गया। 

वहीं, खबरों की मानें तो बीजेपी में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले घमासान की स्थिति है। चर्चाओं के अनुसार 90 फीसद मंत्रियों को बदलने की कवायद चल रही है। खबर है कि डिप्टी सीएम नितिन पटेल सहित विजय रूपाणी सरकार के सभी 22 मंत्रियों को हटा दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य भर में जो भी बैनर लगाए गए थे, उसे फाड़ दिया गया है।

अचानक मंत्रिमंडल विस्तार टलने को कई मुद्दों से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं चर्चा है कि 16 सितंबर को 1:30 बजे मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। 
बताया जा रहा है कि कई विधायक (MLA) ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से उनके घर पर मुलाकात की है। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने कहा कि जहां तक ​​संभव होगा वरिष्ठ नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
 

Exit mobile version