ताज़ा खबरेंमेरा देशसभी खबरें

एकनाथ शिंदे को CM बना कर सचिन पायलट, TS व अन्य राज्यों के “बागियों” के लिए BJP का कोई संदेश छुपा हुआ है!

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में सियासी ड्रामे के 11वें दिन की शाम अटकलों और अनुमानों पर पूर्ण विराम लगा। शिवसेना से बागी हुए एकनाथ शिंदे राज्य के नए मुख्यमंत्री बने। गुरुवार की शाम राज्यपाल बीएस कोश्यारी ने एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। तो वहीं दूसरी तरफ देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने।

हालांकि, बुधवार की रात जैसे ही उद्धव ठाकरे ने CM पद से इस्तीफा दिया, BJP ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। देवेंद्र फडणवीस को बधाइयां मिलने लगीं, लोग मिठाई खिलाने लगे कि फिर से CM का ताज उनके माथे सजेगा। इतना ही नहीं गुरुवार को दोपहर बाद तक हर जगह चर्चा थी कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के CM बनेंगे, लेकिन शाम 4.35 बजे खुद फडणवीस ने यह कह कर चौंका दिया कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे और शाम 7.35 बजे एकनाथ के माथे मुख्यमंत्री का ताज भी सज गया।

देवेंद्र फडणवीस के इस फ़ैसले से हर कोई चौंक उठा। लेकिन उनके इस फ़ैसले के पीछे भी कई सियासी मायने हैं। शिंदे को CM बनाकर BJP ये संदेश देना चाहती है कि उन्हीं का खेमा असली शिवसेना है, चूंकि शिंदे बार-बार खुद को असली शिवसेना बताते रहे। और आखिरकार BJP ने शिवसैनिक शिंदे को CM बनाकर सबसे बड़ा दांव खेल दिया।

इसके अलावा शिवसेना को खत्म किए बिना BJP आगे नहीं बढ़ सकती, लेकिन शिवसेना खत्म हो जाए और उसका ब्लेम BJP के सिर पर न आए, इसलिए शिंदे को CM बनाया गया। BJP ठाकरे की विरासत वाली शिवसेना को समेटना तो चाहती है, लेकिन वो यह भी नहीं चाहती थी कि महाराष्ट्र की जनता के सामने यह ठीकरा उसके सिर फूटे।

इसके अलावा सवाल ये भी उठ रहा है की – क्या भाजपा हाईकमान ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बना कर के बहुत बड़ा संदेश देने की कोशिश की है? क्या भाजपा हाईकमान “ऑपरेशन लोटस” की संभावना अन्य राज्यों में देख रहा है? सचिन पायलट, TS सिंह देव व अन्य राज्यो के “बागियों” के लिए भी इसमें कोई संदेश छुपा हुआ है?

बता दे कि राजस्थान में भी सचिन पायलट खुले में बागी तेवर दिखा चुके है, इतना ही नहीं वो लगातार हाईकमान से इस बात की मांग कर चुके है की उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाए, ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका फ़ायदा मिल सकें। लेकिन अशोक गेहलोत अभी भी CM पद पर कायम है। ऐसे में महाराष्ट्र में भाजपा द्वारा बगावत करके आए एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाना, कही न कही इस बात का संदेश है की राजस्थान में भी कुछ उठापठक हो सकती है।

बहरहाल, कब कहां क्या होता है ये तो समय ही तय करेगा, लेकिन महाराष्ट्र में शिंदे को मुख्यमंत्री बनाना भाजपा का बड़ा मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button