आपातकाल की बरसी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर लगाया आरोप; कही ये बड़ी बात

भोपाल। राजधानी भोपाल में भाजपा ने आपातकाल की बरसी पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान वीडी शर्मा ने कहा कि आज के दिन को देश में काले दिन को लेकर याद किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि इमरजेंसी में कमलनाथ की अहम भूमिका थी। इतना ही नहीं उन्होंने साल 1984 के सिख दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दंगों में भी कमलनाथ की भूमिका थी और जनता इसे न भूले। साथ ही शर्मा ने कहा साल 1975 में कांग्रेस की सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटा था। वीडी शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने संजय गांधी के साथ लोकतंत्र का गला घोंटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य की जनता को उन्हें जवाब देना चाहिए। शर्मा ने कहा कांग्रेस की सरकार ने इंदिरा गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र की हत्या की गई थी। इतिहास कहता है की कितने भयावह दृश्य बने, देश की आत्मा की कुचलने का प्रयास किया गया। देश की मीडिया को रोका गया, आवाज़ उठाने वालों को जेल में डाल दिया गया।
वहीं उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता को अपने हाथ से फिसलता देख आपातकाल की बिसात रची गई थी। वीडी शर्मा ने कहा कि मुझे कोई संकोच नहीं है यह कहने में कि देश की लोकतंत्र की हत्या करने में इंदिरा गांधी संजय गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उस समय मुख्य किरदार की भूमिका में थे। उन्होंने कहा कि देश के बुरे इतिहास में मुगलों अंग्रेजों के साथ कांग्रेस का नाम भी लिखा जाएगा।




