शिवकुमार के बयान पर भड़के बीजेपी विधायक: रामेश्वर शर्मा बोले- चुनाव के समय कांग्रेस बन जाती है कालनेमि

उज्जैन। इस साल के आखिर में मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में मध्यप्रदेश का सियासी माहौल हिंदुत्व के मुद्दे पर चलता हुआ नजर आ रहा है। भाजपा पहले से ही धर्म के मुद्दे पर ही चुनावी तैयारी कर रही है, तो वहीं कांग्रेस भी हिंदुत्व को एजेंडा बनाकर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी हुई है। साथ ही देखा जाए तो कर्नाटक विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस ने धमाकेदार जीत दर्ज की। जिसमें डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री का पद सौंपा गया।
इस समय कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार दो दिन मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां उनके एक बड़े बयान पर भोपाल से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा भड़क उठे है। दरअसल कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हिंदुत्व और मंदिर किसी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं है। कर्नाटक की तरह मप्र की जनता भी भाजपा के भ्रष्टाचार से परेशान है इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। इस बार डबल इंजन की सरकार यहां भी बदलेगी। अब मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की है।
डीके के बयान पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हिन्दू और मंदिर पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं, लेकिन हिंदुओ को पता है कि राम मंदिर किसने बनवाया, लव जिहाद के लिए किसने लड़ाई लड़ी, पाकिस्तान पर किसने चढ़ाई की। कांग्रेस का जिन्ना प्रेम सभी को पता है। हिन्दू बंटवारे का दंश भी नहीं भूला है। यदि कर्नाटक में किसी हिन्दू ने कांग्रेस को भूल से वोट दे दिया तो यह न समझें कि कांग्रेस का पाप धूल गया।
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव के समय कालनेमि बनकर भगवान का भजन करती है। वहीं डीके शिवकुमार के डबल इंजन की सरकार को लेकर दिए बयान पर बीजेपी विधायक ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में 14-15 महीने सरकार चला लें, फिर देखे क्या होता है। दरअसल, डीके शिवकुमार उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर समेत तीन धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए दो दिवसीय एमपी दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा था कि कर्नाटक जीत से कांग्रेस को मजबूती मिली है। मध्य प्रदेश चुनाव में पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी वह पूरा करूंगा। सॉफ्ट हिंदुत्व के मुद्दे के सवाल पर शिवकुमार ने कहा कि हिंदुत्व पर किसी एक पार्टी का अधिकार नहीं है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करती है।




