प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत में भाजपा नेता ने पैसे देकर जुटाई थी नाबालिगों की भीड़, एक की मौत, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम

मध्यप्रदेश/ग्वालियर – मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक मामला सामने आया है जहां भाजपा नेता आशु घुरैया और बल्लू बलराम जाटव पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी की स्वागत रैली में नाबालिगों को पैसा देकर भीड़ इक्कठा करने के आरोप लगे हैं।
दरअसल, शुक्रवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी ग्वालियर पहुंचे थे। पार्टी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत भी किया, जिसके लिए भीड़ भी जुटाई गई थी। इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। भीड़ में शामिल होने गए नाबालिगों से भरा एक वाहन पलट गया था जिसमें कई लड़के घायल हो गए जिसमें से एक नाबालिग आदित्य बघेल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अब इस मामले ने प्रदेश में तूल पकड़ा ली हैं।
घायलों में एक के परिजन विजय बाल्मीकि ने बताया कि पिछले दिनों भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी की स्वागत रैली में शामिल होने के लिए भाजपा नेता आशु घुरैया और बल्लू बलराम जाटव हमारे मोहल्ले स्टेशन बजरिया से बहुत से नाबालिगों को ले गए थे। उन्होंने सभी को पैसों का लालच दिया शायद 100 -100 दिये और एक लोडिंग ऑटो में भरकर ले गए तभी रेस कोर्स रोड ( मेला रोड) पर सनसिटी के सामने लोडिंग वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वो पलट गया जिसमें भरे सभी 17-18 लड़के घायल हो गए। दुर्घटना होते ही आशु भाग गया।
इधर, नाबालिग की मौत से गुस्साए परिजनों और क्षेत्रीय लोगों ने शव को स्टेशन बजरिया सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की हैं। परिजनों की मांग है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
वहीं, चक्का जाम की सूचना पर ग्वालियर पूर्व विधानसभा के कांग्रेस विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार मौके पर पहुंचे उन्होंने भी दोषियों पर कार्रवाई की मांग की और कहा कि मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये और सरकारी नौकरी एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।




