भोपाल – जब अचानक बंद फैक्ट्री से लीक हुई अमोनिया गैस, लोगों को होने लगी घुटन, मचा हड़कंप

मध्यप्रदेश/भोपाल – मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के अचारपुरा में सालभर से बंद पड़ी फैक्ट्री से अचानक अमोनिया गैस लीक होने लगी। गैस लीक होते ही आसपास के इलाकों में भी दहशत फैल गई। गैस लीक होने पर लोगों फैक्ट्री के करीब परेवाखेड़ा गांव में रहने वाले लोगों को अचानक घुटन और आंखों में जलन होने लगी।
गैस लीक की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे भोपाल के कलेक्टर अविनाश लवानिया ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव के निर्देश दिए। फायर ब्रिगेड का दस्ता भी पहुंचा और फैक्ट्री में जिस टैंक से गैस लीक हो रही थी, वहां और आसपास के इलाके में पानी का छिड़काव किया गया। वहीं, प्रशासन ने एहतियातन फैक्ट्री के आसपास के मकानों को खाली करा उनमें रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इन घरों में रहने वालों को पास के आंगनबाड़ी केंद्र या परिजनों के यहां जाने को कहा गया। घटना के कई घंटों बाद जाकर स्थिति नियंत्रण में आ सकी।
प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक साल भर से बंद पड़ी इस फैक्ट्री में एक वॉल्व खुल गया था, जिसके चलते गैस का रिसाव हुआ। फायर फाईटर्स की मदद से इस वॉल्व को तत्काल बंद करवाया गया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में लाई जा सकी। इधर, प्रशासन ने फैक्ट्री के मालिक जावेद खान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी शुरू करने की बात कही हैं।


.jpg)

