भोपाल : एक अस्पताल ऐसा भी जो पूरा खाली, लेकिन प्रबंधन ने यहां मरीजों की इंट्री पर लगा दी पाबंदी

मध्यप्रदेश/भोपाल – हजारों गैस पीड़ितों के लिए जिंदगी के सहारे के तौर पर स्थापित किया गया, भोपाल मेमोरियल अस्पताल इन दिनों अपने खालीपन के साथ मौजूद है, लेकिन यहां पहुंचने वाले मरीजों को न इलाज मुहैया कराया जा रहा है, न दवाई और न ही बेड।
गैस पीड़ित संगठनों द्वारा डायरेक्टर प्रभा वैसीकर से लगातार मांग की जा रही है कि महामारी के दौर में कोविड के अलावा गैस पीड़ितों की अन्य समस्याओं के लिए अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारू की जाएं, लेकिन प्रबंधन इस बारे में कोई ध्यान नहीं दे रहा हैं।
बताया जा रहा है कि यहां विभिन्न बीमारियों के लिए मौजूद बड़ी तादाद में रूम और हॉल में से अधिकांश खाली ही हैं। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने यहां मरीजों की इंट्री पर पाबंदी लगा दी हैं।
संयुक्त संघष मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शम्सुल हसन ने स्वास्थ्य मंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप किया जाए, ताकि गैस का दर्द लेकर बैठे मरीजों को अब कोविड के जख्म मौत की आगोश में न ले सकें।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जो आरोप लगाए जा रहे है वो गलत हैं। हमारे द्वारा बाकायदा मरीजों को भर्ती किया जाता हैं। सरकार के पोर्टल पर भी जानकारी अपडेट की जाती हैं।




