भोपाल: बदहाल सड़को से परेशान महिलाओ का प्रदर्शन, गड्ढों पर किया ‘रैंप वॉक’
.jpg)
- भोपाल में बारिश के बाद बदहाल सड़कों पर उतरी महिलाएं
- पानी से भरे गड्ढों में किया ‘रैंप वॉक’
- रहवासियों का बारिश के दौरान पैदल गुजरना तक मुश्किल
भोपाल/स्वाति वाणी:-
भोपाल की बदहाल सड़को से परेशान शनिवार को होशंगाबाद रोड स्थित दानिश नगर में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग ने एक अनोखा प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सज-धज कर बदहाल सड़क पर करीब एक घंटे तक रैंप वॉक किया। साथ ही 'ऐ भाई जरा देख के चलो' गाने के जरिये अपना विरोध दर्शाया। जर्जर सड़कों को लेकर बच्चों और बुजुर्गों में भी गुस्सा देखने को मिला। दानिश शॉपिंग कॉम्पलेक्स में D1 से D3 को जोड़ने वाली जर्जर सड़क पर इस दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी भी की गई।
महिलाओं का कहना है कि सालों से जर्जर सड़क की समस्या है। कई बार जिम्मेदारों को शिकायत की जा चुकी है, पर कोई असर नहीं हुआ। सरकार और नगर निगम की बेरूखी के चलते ही अब आंदोलन करने को मजबूर हो गए हैं।
रहवासियों का बारिश के दौरान पैदल गुजरना तक मुश्किल
दानिश नगर रहवासी संघर्ष समिति की अंशु गुप्ता ने बताया कि दानिश नगर कॉलोनी में 450 से ज्यादा घर है। वहीं सैकड़ों प्लाट भी है। बावजूद यहां की सड़कें जर्जर है। बारिश के दौरान तो पैदल गुजरना तक मुश्किल हो गया है। कई बार रहवासी गड्ढों का शिकार बनकर चोटिल भी हो जाते हैं। इसके चलते अब लोगों का गुस्सा फूट रहा है। नगर निगम टैक्स वसूल रहा है, तो फिर सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही हैं। जनप्रतिनिधि भी सिर्फ वोट बैंक की तरह लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉलोनाइजर भी कोई सुविधाएं नहीं दे रहे, इसलिए अब गड्ढों में रैम्प वॉक करना पड़ा, ताकि जिम्मेदार जाग सकें। यही रहने वाली लता श्रीवास्तव ने कहा कि बारिश में घर से बाहर नहीं निकल सकते।
आम रास्तों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक की सड़के खराब
भोपाल की सड़कें गांवों की सड़कों से भी बदतर हो गई है यहाँ आम रास्तों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक की सड़कों पर सिर्फ गड्ढे ही देखने को मिलते हैं। 61 साल पुराने CPA (राजधानी परियोजना प्रशासन) भी जर्जर सड़कों की भेंट चढ़ चुका है। हाल जी में CM शिवराज सिंह चौहान बदहाल सड़कों को लेकर जिम्मेदार अफसरों को फटकार लगा चुके हैं। भोपाल की खूबसूरती पर खराब सड़कें न सिर्फ दाग लगा रही हैं, बल्कि लाखों लोग इसकी वजह से परेशान भी हो रहे हैं। भोपाल सफाई के मामले में देश में 7वें नंबर पर है लेकिन शायद बदहाल सड़कों के मामले में अवल नंबर पर है।




