
बड़वानी से हेमंत नगझरीया की रिपोर्ट – बड़वानी नगर में लावारिस एवं सड़कों पर इधर-उधर घूम रही गायों को नगर के अमले ने पकड़ कर शासकीय गौशाला तलवाड़ा बुजुर्ग पहुंचाया है। नगर पालिका सीएमओ ने बताया कि नगर में यह अभियान उस समय तक जारी रहेगा जब तक सभी लावारिस गायों को शासकीय गौशाला नहीं पहुंचा दिया जाता।
नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह डोडवे से प्राप्त जानकारी अनुसार नगर में विगत 2 दिनों से प्रारंभ इस अभियान के दौरान लगभग 40 गायों को पकड़कर कांजी हाउस पहुंचाया गया था। वहां से इन गायों को किसी के द्वारा नहीं छुड़वाने पर इन्हें शासकीय गौशाला तलवाड़ा बुजुर्ग पहुंचाया गया है। जिससे इनके खाने-पीने की उचित व्यवस्था एवं देखभाल की जा सके।
कुशल सिंह डोडवे ने बताया कि लावारिस पशुओं को रात्रि के दौरान विभिन्न चैराहों पर बैठ जाने के दौरान अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। जिसके कारण बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही थी। इसलिए इन पशुओं को पकड़कर शासकीय गौशाला पहुंचाया गया है। उन्होंने समस्त पशु पालकों से अनुरोध किया है कि वे अपने पालतू पशुओं को बांध कर रखें। जिससे वे सड़कों पर स्वच्छंद विचरण ना करने पाए।