हबीबगंज के बाद अब मप्र के इस रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने की तैयारी, सांसद ने कही ये बात

इंदौर : भोपाल के हबीबगंज यानि रानी कमलापति स्टेशन के बाद अब इंदौर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने की तैयारी है। दरअसल, सांसद शंकर लालवानी ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद ये जानकारी दी है। सांसद लालवानी ने बताया कि इंदौर-अकोला ब्रॉडगेज ट्रैक बन जाने के बाद सेंट्रल लाइन के मेन ट्रैक से कनेक्टिविटी हो जाएगी और यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाएगी। ऐसे में आने वाले 50 साल की ज़रूरतों के हिसाब से ये स्टेशन बनाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इंदौर रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट की तरह आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की तरह यहां भी होटल, शॉपिंग मॉल, स्टॉल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया और फूड प्लाजा के साथ स्पा, सैलून और रिटेल शॉप भी रहेंगी। स्टेशन पर वाइफाई की सुविधा भी रहेगी। कहा जा रहा है कि इंदौर स्टेशन के लिए अगले 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर रीडेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाएगा।




