
मध्यप्रदेश/भोपाल – मध्यप्रदेश में अभी कोरोना का कहर ख़त्म नहीं हुआ था की इसी बीच यहां बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी हैं। बर्ड फ्लू के दस्तक के बाद यहां हड़कंप मच गया हैं। बता दे कि इंदौर में मरे हुए कौओं में घातक बर्ड फ्लू के वायरस पाए जाने की पुष्टि हुई हैं। जिसके बाद प्रदेश सरकार अलर्ट मोड़ में आ गई हैं। पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल के निर्देश पर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया हैं।
पशुपालन मंत्री पटेल ने कहा कि कौओं में पाया जाने वाला वायरस एच5एन8 अभी तक मुर्गियों में नहीं मिला हैं। मुर्गियों में पाया जाने वाला वायरस सामान्यत: एच5एन1 होता हैं। पटेल ने लोगों से अपील की कि पक्षियों की मृत्यु की सूचना तत्काल स्थानीय पशु चिकित्सा संस्था या पशु चिकित्सा अधिकारी को दें।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक मध्य प्रदेश में 23 दिसम्बर से 3 जनवरी 2021 तक इंदौर में 142, मंदसौर में 100, आगर-मालवा में 112, खरगोन जिले में 13 और सीहोर में 9 कौओं की मृत्यु हुई हैं। मृत कौओं के नमूने तत्काल भोपाल स्थित स्टेट डीआई प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इंदौर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर त्वरित प्रतिक्रिया दल द्वारा कार्रवाई की जा रही हैं।
इधर, मंदसौर के जिला पशुपालन विभाग के डॉक्टर मनीक्ष इंगोले के हवाले से मृत कौओं में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि की हैं। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर से 3 जनवरी 2021 के बीच जिले में 100 कौओं की मौत हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम एक किलोमीटर के दायरे की निगरानी कर रही हैं।
वहीं, पशुपालन विभाग के संचालक डॉ. आरके रोकड़े कहते हैं कि हम पूरे प्रदेश में नजर रख रहे हैं। सभी जिलों को अलर्ट किया गया हैं। जहां मृत पक्षियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिल रही है, वहां पोल्ट्री फॉर्म के भी सैंपल लेने कहा गया हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में राजस्थान के सीमावर्ती हिस्सों से बर्ड फ्लू आया हैं। अब तक इंदौर, मंदसौर, आगर, खरगोन, उज्जैन, देवास, नीमच और सीहोर में कौए मृत मिले हैं। इसमें इंदौर और मंदसौर की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई हैं।