सभी खबरें

MP Politics:-"कमल" के राज में "शिव" ने फहराया तिरंगा, कांग्रेस के दावों की बजी बैंड…

  • एमपी कांग्रेस ने कहा था ट्वीट संभाल कर रखना
  •  20 मार्च को किया गया था ट्वीट
  •  इसी दिन कमलनाथ ने दिया था इस्तीफा

 भोपाल/गरिमा श्रीवास्तव :- मध्य प्रदेश में सियासी घमासान और उठापटक के बीच 20 मार्च को कमलनाथ ने इस्तीफा दिया था. उस दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट कर कहा कि इस ट्वीट को संभाल कर रखना…. 15 अगस्त 2020 को कमलनाथ जी मप्र के मुख्यमंत्री के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे. और परेड की सलामी लेंगे, 
 ये बेहद अल्प विश्राम है.


 ट्वीट को संभाल कर रखा गया.   पर ध्वजारोहण कमलनाथ करेंगे यह नहीं हो पाया…!!
 मध्य प्रदेश कांग्रेस के इस ट्वीट को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है. गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर हमला बोला। साथ ही कमलनाथ के उस बयान पर तंज कसा जिसमें उन्होंने कहा था कि 15 अगस्त को कमलनाथ झंडा वंदन करेंगे। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ की चुटकी लेते हुए कहा कि अगर 15 अगस्त को कमलनाथ कहीं दिखे तो बताना।

नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ के विजन को लेकर जम कर हमला बोला। 

उन्होंने कहा कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में किसी एक युवा को भी रोजगार नहीं दिया। 15 महीनों के अंदर एक भी सरकारी भर्ती नहीं निकाली गई। न बेरोज़गारी भत्ता दिया। यह विजन कमलनाथ जी का था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 15 महीने में पूरे प्रदेश का ढोल बजा दिया। कमलनाथ जी के 15 महीने के विजन को सभी ने देखा हैं। उनका विजन था युवा ढोर चराएंगे, युवा बैंड बजाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि पूरे मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का पैसा कमलनाथ ने छिंदवाड़ा पहुंचा दिया।  

 साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं को सोचना चाहिए कि आखिर हर बार उनकी ही पार्टी के लोग क्यों टूटने या बिकने के लिए तैयार होते हैं। कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं की टूट के लिए दूसरों पर आरोप लगाती हैं। 

 वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के इस दावे पर कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने जमकर पलटवार किया, और कहा कि झंडा कौन और कब फहराएगा ये पार्टी या नेता नहीं बल्कि जनता तय करती हैं। कांग्रेस अपने खेमे को बांधे रखने के लिए इस तरह की फिजूल बातें करती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button