कौन बनेगा नेता प्रतिपक्ष? कमलनाथ कर चुके है पार्टी हाईकमान से चर्चा, इन दिग्गजों के नाम रेस में आगे

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस आदिवासियों को साधने के लिए एक बार फिर आदिवासी चेहरे को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बना सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाईकमान आदिवासी विधायक को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर सहमत हो गई हैं। जबकि मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ दिल्ली में पार्टी से नेता प्रतिपक्ष को लेकर चर्चा कर चुके हैं। ऐसे में इस बात की अटकलें अब तेज़ है कि कांग्रेस किसी आदिवासी चेहरे को ही नेता प्रतिपक्ष बनाएगी।
बता दे कि प्रदेश में अनुसूचित जनजाति के लिए 45 सीटें आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 30 से ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब हुई थी। वहीं, कांग्रेस सरकार बनने में आदिवासी समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। यही कारण है कि कमलनाथ भी अपने कार्यकाल में आदिवासियों के हित में लगातार फैसले लेते रहे।
नेता प्रतिपक्ष की रेस में ये नाम आगे
पूर्व मंत्री बाला बच्चन, उमंग सिंगार में से किसी एक को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की चर्चा ज़ोरों पर हैं। इसके अलावा सीनियर विधायक डॉ. गोविंद सिंह और सज्जन सिंह वर्मा भी इस रेस में शामिल हैं। इसके साथ ही बृजेन्द्र सिंह राठौर के नाम पर विचार हो सकता हैं।
बता दें कि सज्जन वर्मा अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं, वहीं गोविंद सिंह और बृजेन्द्र सिंह सामान्य वर्ग से हैं।
गौरतलब है कि गोविंद सिंह को कांग्रेस की राजनीति में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का कट्टर समर्थक माना जाता है। वहीं सज्जन वर्मा कमलनाथ खेमे से जुड़े हैं। इन दोनों नामों पर सहमति न बनने पर बृजेन्द्र सिंह राठौर के नाम पर विचार हो सकता है। पर यह तभी होगा जब आदिवासी वर्ग के अलावा किसी अन्य वर्ग के नेता को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर सहमति बने।




