सभी खबरें

स्वागत में फूल और जूते दोनों फिके ,कांग्रेस का दामन छोड़ने के 3 महीने बाद भाजपाई राहुल पहुंचे दमोह

स्वागत में फूल और जूते दोनों फिके
,कांग्रेस का दामन छोड़ने के 3 महीने बाद भाजपाई राहुल पहुंचे दमोह
 बोले: कॉलेज का निर्माण ही मेरी जीत है
दमोह से शंकर दुबे की रिपोर्ट : –
 कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले दमोह के निवर्तमान विधायक राहुल सिंह लोधी का आज दमोह में भव्य स्वागत किया गया। तो उनके इस स्वागत समारोह में उनके ऊपर जूतों की माला और स्याही फेंकने की घटना ने चांद में दाग लगाने का काम किया है। वहीं दूसरी ओर उनके आगमन के पूर्व ही कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया तथा एनएसयूआई ने पुतला दहन कर अपनी गिरफ्तारी दी।
    कांग्रेस छोड़ने के लगभग 3 महीने बाद आज निवर्तमान विधायक, लॉजिस्टिक एवं वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त राहुल सिंह विशाल काफिले के साथ दमोह पहुंचे। भोपाल से दमोह आगमन तक दर्जनों जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। भोपाल से उनके साथ उनके चचेरे भाई तथा नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष एवं बड़ा मलहरा से विधायक प्रदुम्न सिंह लोधी भी उनके साथ दमोह पहुंचे। मालूम हो कि प्रदुम्न सिंह पूर्व में ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके थे, तथा भाजपा के ही टिकट पर पुनः उपचुनाव जीत कर विधायक चुने गए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में राहुल सिंह का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर राहुल सिंह ने कहा कि 14 महीने के कार्यकाल में जब उन्होंने देखा कि कांग्रेस मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए कोई रुचि नहीं दिखा रही है तो मजबूरन उन्हें भाजपा का दामन थामना पड़ा। उन्होंने कहा कि चुनाव तो होते रहते हैं और हार जीत लगी रहती है। लेकिन यदि दमोह में मेडिकल कॉलेज बनता है तो यह उनके लिए सबसे बड़ी जीत होगी और इस बात के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें वचन दिया है कि दमोह में मेडिकल कॉलेज बनेगा।  सिंह ने कहा कि आप लोग मुझे अपनाएं और मैं भी आप लोगों को अपने कामों से अपना लूंगा यह मेरा विश्वास है।
 मलैया पिता तुल्य है : –
स्वागत समारोह के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए राहुल ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगे और विधायक बनने की लालसा है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि पूर्व मंत्री जयंत मलैया उन्हें अपना आशीर्वाद जरूर देंगे। वह मेरे पिता तुल्य हैं और मेरे और उनके परिवार के अच्छे संबंध शुरू से ही रहे हैं।
 जगह-जगह स्वागत : –
राहुल सिंह के दमोह आगमन पर भारी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पहुंचकर उनकी भव्य अगवानी की। इसके बाद जगह-जगह उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। स्टेशन चौराहे पर सोमेश गुप्ता ने मिठाइयों से उनका तुला दान किया। भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 32 लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी, विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी पी एल  तंतुवाय, सांसद प्रतिनिधि आलोक गोस्वामी, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत छाबड़ा, विद्यासागर पांडे, पूर्व विधायक उमादेवी खटीक, मीडिया प्रभारी संजय सेन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
 स्याही और जूतों की माला फेकी : –
स्वागत समारोह के दौरान राय चौराहा पर अचानक दो युवा सामने आए और एक युवक ने जूता-चप्पल की माला तथा दूसरे युवक ने काली स्याही फेंकी। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात उनके गार्ड तथा सीएसपी अभिषेक तिवारी एवं नोहटा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने तुरंत ही आगे बढ़कर जूता लगने के पहले ही बार रोक लिया तथा स्वयं आगे आ गए, जिससे राहुल सिंह स्याही लगने से भी बच गए हालांकि इस बीच बचाव के दौरान स्याही सीएसपी, नोहटा थाना प्रभारी एवं उनके अंगरक्षक तथा कई अन्य लोगों के मुंह तथा हाथ पैर में लग गई। मामले के आरोपी दृग पाल सिंह लोधी तथा ओरछा निवासी सुनील राजपूत को तुरंत ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
 समय के साथ बदल गई निष्ठा : –
भाजपा तथा विभिन्न संगठनों के ऐसे पदाधिकारी और कार्यकर्ता जो कभी जयंत मलैया के खासम खास हुआ करते थे आज वह भी स्वागत समारोह में नजर आए। समय के साथ अपनी निष्ठा बदलने वाली ऐसे नेता और कार्यकर्ता राहुल सिंह की आगे पीछे लगे रहे। वहीं दूसरी ओर जयंत मलैया के कट्टर समर्थक कार्यक्रम से लगातार दूरी बनाए रहे। उनके खास माने जाने वाले कई लोग पूरे कार्यक्रम में कहीं भी नजर नहीं आए।
 कांग्रेस ने किया जमकर विरोध : –
राहुल सिंह के दमोह आगमन की खबर के साथ ही कांग्रेस कार्यालय के पास सुबह कांग्रेस के पदाधिकारियों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की। दमोह का गद्दार कैसा हो राहुल सिंह जैसा हो, राहुल सिंह वापस जाओ आदि तमाम तरह के नारे लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एक फ्लेक्स पर स्याही पोत कर राहुल सिंह का मुंह काला कर दिया। जिसे बाद में पुलिस ने साफ किया। इसके बाद कांग्रेसी विरोध करने आगे बढ़े परंतु भारी पुलिस सुरक्षा के कारण वह बस स्टैंड चौराहा से आगे नहीं बढ़ पाए तथा सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर देहात थाना पहुंचाया। इस मामले में खास बात यह रही कि कांग्रेस नेत्री निधि श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार कर पुरुषों के साथ ही एक ही वाहन में बैठा दिया गया। लेकिन गिरफ्तारी के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी तक वहां मौजूद नहीं थी। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अजय टंडन, पूर्व जिला अध्यक्ष रतन चंद जैन, सतीश जैन, यशपाल ठाकुर, अमर राजपूत, अभिषेक डिम्हा, राशू चौहान, निधि श्रीवास्तव, मनु मिश्रा, अनवर अली सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
 एनएसयूआई ने पुतला जलाया : –
कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राहुल सही का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।                                                                                                                       

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button