हम धान का 25 और गेहूं का 26 सौ रुपये MSP देंगे – कमलनाथ

सागर में चुनावी सभा में कमलनाथ ने कहा कि, हमारी सरकार आने पर हम किसानों को गेहूं के लिए 26 सौ रुपये समर्थन मूल्य देंगे और धान के लिए 25सौ रुपये समर्थन मूल्य देंगे। हमारा मानना है कि, किसानों की आर्थिक मजबूती हो।
कमलनाथ ने कहा कि, आज की दिवाली कांग्रेस वाली। उन्होंने कहा कि, मैं आज अपना घर छोड़कर, अपना क्षेत्र छोड़कर छिंदवाड़ा से आपके बीच में आया हूं, क्योंकि आपसे एक गहरा संबंध बनाना है और दिवाली के दिन ही इसकी शुरुआत करना सबसे अच्छा होगा। आज मैं दिवाली के दिन रहली क्षेत्र की जिम्मेदारी लेता हूं। कमलनाथ ने कहा कि, पुलिस, पैसा और प्रशासन वाली सरकार के लिए अब केवल चार दिन बचे हैं। उसके बाद सर्व समाज के साथ न्याय होगा।
कमलनाथ ने कहा कि, हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। सागर में 80 हजार 500 किसानों का 355 करोड़ का कर्जा माफ हमने किया था। हमारी सरकार आते ही हम फिर से किसानों का कर्ज माफ करेंगे, हमारी सोच है कि, किसानों की जेब में पैसा पहुंचे और उसे फसल का सही दाम मिले। हमारी सरकार थी तब किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना नहीं पड़ता था।




