जंग का 42वां दिन : अब रूसी सेना ने इसको बनाया अपना लॉन्च पैड, दागी मिसाइलें, गोलीबारी में फंसे लाखों लोग 

इंटरनेशनल डेस्क : रूस यूक्रेन जंग का आज 42वां दिन है। यूक्रेन का दावा है कि रूसी सेना हमले के बाद बोरोड्यांका शहर के हालात नरसंहार सहने वाले बूचा से भी बदतर हो गए हैं। खबरों की मानें तो अब रूसी सेना बेलारूस से मिसाइलें दाग रही है। रूसी सेना ने अब बेलारूस को अपना लॉन्च पैड बनाया है। और यूक्रेन पर मिसाइल हमला किया जा रहा है। जबकि, रूसी सैनिकों की लगातार गोलीबारी के बीच अभी भी मारियुपोल में 1.20 लाख लोग फंसे हुए हैं।

वहीं, यूक्रेन ने आठ रूसी क्रूज मिसाइलों को तबाह करने का दावा भी किया है।

रूस-यूक्रेन जंग के बीच दुनिया के दुनिया के दूसरे देश भी अपने हथियारों के जखीरे में बढ़ोतरी कर रहे हैं। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन ने मंगलवार को घोषणा की है कि वो हाइपरसोनिक हथियार विकसित करने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाएंगे।

दूसरी तरफ, यूरोपियन यूनियन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को घेरने के लिए अब उनकी बेटियों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन की एक बेटी नीदरलैंड में रहती थीं, हालांकि रूस ने कभी उनकी पहचान को उजागर नहीं होने दिया।

इधर, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी का कहना है कि रूस के साथ युद्ध करना अमेरिकी लोगों के हित में नहीं है। हालांकि, हम यूक्रेन को अपना समर्थन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस युद्ध से उबरने में कुछ समय लगने वाला है और अमेरिका इसका हिस्सा बना रहेगा।
 

Exit mobile version