MP में अनोखा प्रदर्शन: पानी की टंकी पर चढ़कर की सरकार के खिलाफ नारेबाजी

इछावर। मध्यप्रदेश में राजनितिक घमासान के साथ ही प्रदर्शन की लहर भी तेज हो गई है। सीहोर जिले के इछावर में रोड की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पानी की टंकी पर चढ़कर अनोखा प्रदर्शन किया। दरअसल सीहोर जिले के इछावर तहसील के रामनगर से मोलगा रोड की लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। जिसे लेकर रामनगर के युवा पिछले 2 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। क्षेत्रीय विधायक करण सिंह वर्मा और सरकार को जगाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़कर अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि इछावर विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांव की तुलना में रामनगर गांव के साथ काफी लंबे समय से भेदभाव किया जा रही है।
आपको बता दें कि पिछले कई वर्षों से मोलगा से रामनगर तक का रोड जर्जर अवस्था में पड़ा है। जिसे लेकर सैकड़ों दुर्घटनाएं हो चुकी है तो वहीं कई लोग सड़क हादसे में अपनी जान भी गंवा चुके हैं। गौरतलब है कि यह रोड इछावर विधानसभा से आष्टा विधानसभा को जोड़ने वाला मार्ग हैं। जिसकी स्थिति पिछले कई सालों से जर्जर अवस्था में है। लेकिन शासन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।




