केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा 22 को, मेगा इवेंट की तैयारियां शुरू, इन व्यवस्थाओं पर फोकस

भोपाल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को भोपाल आ रहे है, जिसको लेकर तैयारियों का दौर तेज़ हो गया है। गृह मंत्री इस दौरान वनोपज समिति तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज भी शामिल हो सकते है।
मुख्य कार्यक्रम जंबूरी मैदान में आयोजित होगा। सम्मेलन के एक सप्ताह पहले से जंबूरी मैदान में काम शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जंबूरी मैदान में बड़े डोम तैयार किए जा रहे हैं। इस मेगा इवेंट की तैयारी भी इसी हिसाब से चल रही है। करीब डेढ़ सौ मजदूर इस काम में लगे हैं।
कहा जा रहा है कि जंबूरी मैदान के ठीक सामने पांच हेलीपेड में से किसी एक में शाह का हेलिकॉप्टर लैंड होगा। हेलीपेड के आसपास भी बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं। बैरिकेडिंग के बाद सुरक्षा के लिए पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। बता दे कि एक लाख से अधिक लोगों के हिसाब से व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वहीं, गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए व्यवस्थाओं की कमान भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अपने हाथों में ले रखी हैं।
इन व्यवस्थाओं पर रखा जा रहा है खास ध्यान
- गर्मी को देखते हुए ठंडे पानी की व्यवस्था
- स्वास्थ्य विभाग की एक दर्जन से अधिक टीमें कार्यक्रम स्थल पर रहेंगी।
- सिक्योरिटी और ट्रैफिक प्लान पर पुलिस काम कर रही है।
- नगर निगम को साफ-सफाई, टॉयलेट और बैरिकेडिंग का काम सौंपा गया है।
- पीडब्ल्यूडी पंडाल बनवाकर चारों ओर से बैरिकेडिंग करवा रहा है।




