
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में लाड़ली बहना को सम्मिलित ही नहीं किया है इसका तात्पर्य तो आप सभी जानते हैं कि, क्यों शामिल नहीं किया। यह बातें सांसद नकुल नाथ ने जनसभाओं में कही।
सांसद नकुल नाथ ने कहा कि भाजपा के द्वारा तीन दिन पूर्व जारी किए गए घोषणा पत्र में लाड़ली बहना योजना को सम्मिलित नहीं किया है। भाजपा ने चुनावी लाभ अर्जित करने के लिए बहनों का सहारा लिया और अब उन्हें भुला दिया यही उनकी असली सच्चाई है। बीते 18 वर्षों से किसानों को दोगुनी आय का प्रलोभन देकर उनकी लागत दोगुनी करने वाली भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने आपको किसान हितैषी बताते हैं आखिर ये कैसे हितैषी हैं, जिनके राज में किसान को महंगी दरों पर खाद और बिजली खरीदनी पड़ रही है और उपज का उचित मूल्य भी नहीं दिया जा रहा।
नकुलनाथ ने कहा कि, उमरानाला ग्राम पंचायत जल्द ही नगर पंचायत बनेगी। कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया को प्रारम्भ किया जाएगा। नगर विकास के लिये अधिक राशि आवंटित होगी, जिससे क्षेत्र के नवनिर्माण में आसानी होगी।