MP में बदमाशों के हौसले बुलंदः पत्रकार पर जानलेवा हमला, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

विपिन प्रताप सिंह, भिण्ड। मध्यप्रदेश में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक बार फिर भिण्ड जिले में पत्रकार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले गोहद क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट के बाद गुरुवार सुबह एक और पत्रकार एवं उसके परिवार को कार सवार गुंडों ने घर के बाहर ही घेरकर बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना गोहद चौराहा थाना इलाके के महिंद्रा एजेंसी के पीछे की है। जहां पत्रकार सतीश अग्रवाल उर्फ मुलू गुरुवार सुबह अपनी कार से घर पहुंचे थे। उनके साथ ही एक लाल रंग की कार में सवार एक गुंडा भी आया। जिसने अपनी कार पीड़ित सतीश की कार से सटा कर खड़ी की थी। कार की आवाज सुनकर पत्रकार के परिजन भी घर से बाहर आए। पत्रकार जैसे ही कार से घर की और बढ़े इसी दौरान घर के पास छिपे दो और गुंडों ने अचानक हमला कर दिया। वहीं कार में बैठा बदमाश भी निकल कर मारपीट करने लगा। इस घटना में गुंडों ने बीच बचाव करने आई बेटी और बेटा को भी हॉकी और डंडों से बेरहमी पिटाई कर दी।

घटना में घायल पत्रकार और उसके परिजन घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। इस बीच गुंडों ने पीड़ित का मोबाइल फोन और रुपये भी छीन लिए, इसके बाद फरार हो गए। हालांकि इस पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत थाने में की। पीड़ित का कहना है कि घटना की पीछे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं है ना ही वह हमलावर गुंडों से पहले कभी मिला है।

बता दें कि गोहद में पत्रकारों के साथ मारपीट कि यह पहली घटना नहीं है। दो महीने पहले ही गोहद नगर में ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के एक रिपोर्टर विनोद अर्गल के साथ भी कुछ बदमाशों ने इसी तरह मारपीट की थी। उनके घर में घुसकर पूरे परिवार को बेरहमी से लाठी डंडों से मारा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई ना होने से बदमाशों के हौंसला बुलंद हो रहे हैं और वे इस तरह खुलेआम पत्रकारों पर हमला कर रहे हैं।

Exit mobile version