
भोपाल : द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने जा रहीं है, उन्होंने गुरुवार को एक तरफा जीत हासिल की। द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद से ही भाजपा में जश्न का शुरू हो गया है। हालांकि, इस जीत में विपक्ष का बड़ा हाथ नज़र आ रहा है। दरअसल, मुर्मू के पक्ष में 14 राज्यों के 121 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने का दावा किया जा रहा है। खासतौर पर उन राज्यों में क्रॉस वोटिंग ज्यादा हुई है, जहां पर कांग्रेस सत्ता पक्ष या विपक्ष में है। इसके अलावा 17 सांसदों ने भी इस राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की है।
बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश से भी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। बता दे कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 47 सीटें आदिवासी समाज के लिए आरक्षित हैं। यहां कांग्रेस और विपक्ष के पास 100 विधायक हैं, जबकि वोट 79 ही पड़े। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 146 वोट मिले। बताया जा रहा है कि 19 विधायकों ने क्रॉस वोट किया है।
वहीं, अब इस मामलें में नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई आदिवासी महिला राष्ट्पति बन रही है जिसका कांग्रेस ने विरोध किया है। पूरा देश राष्ट्पति के साथ खड़ा था। देशभर में क्रॉस वोटिंग हुई है। यह इस बात प्रमाण है कि पूरी विपक्षी एकता खंडित हुई है। बीजेपी और एनडीए ने जिसको उम्मीदवार बनाया उसका कांग्रेस ने विरोध किया है। उससे पुरे देश में आदिवासी समाज कांग्रेस से नाराज है। आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसके लिए मुँह की खानी पड़ेंगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा की कांग्रेस का चरित्र सामने आ गया है, वह सिर्फ वोट पाने के लिए आदिवासियों का शोषण करती रही है। मध्यप्रदेश के 19 विधायक ने क्रॉस वोटिंग की है यह कांग्रेस की गलत नीतियों के चलते यह हुआ है।
वहीं, मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आगे निकाय चुनाव का ज़िक्र करते हुए कहा की सभी जगहों पर बीजेपी का बहुमत है। बीजेपी जनपद जिला और निकाय में अपने अध्यक्ष बनाएंगी। जबकि, मप्र में बारिश की अधिकता को देखते हुए कहा कि बारिश के लिए सभी इंतजाम किए हुए हैं। सभी जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। पूरे प्रदेश पर नज़र है प्रदेश की जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।