
सागर : मध्यप्रदेश के सागर ज़िले से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल में नर्सिंग स्टूडेंट ने एक ही सिरिंज से 30 बच्चों को कोरोना की वैक्सीन लगा दी।
वहीं, इस घटना की जानकारी लगते ही स्वास्थ्य विभाग में हंगामा मच गया। सीएमएचओ डॉ डीके गोस्वामी आनन-फानन में स्कूल पहुंचे बताया कि कोविड वैक्सीनेशन के दौरान लापरवाही सामने आई है। इसकी जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, वैक्सीनेशन में बरती इस लापरवाही के बाद वैक्सीन लगाने वालों के खिलाफ पुलिस एफआईआर के आदेश दे दिए गए हैं।
बता दे कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ यह बड़ी चूक और लापरवाही जैन पब्लिक स्कूल में हुई। यहां स्कूली बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन का कैंप लगाया गया था। इसमें स्वास्थ्य विभाग ने निजी कॉलेज नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स की भी ड्यूटी लगा दी।
इससे पहले जैन पब्लिक स्कूल में पढने वाली छात्रा के पिता दिनेश नामदेव ने बताया कि वैक्सीनेशन के दौरान जब उन्होंने देखा तो एक ही सिरिंज से सारे बच्चों को वैक्सीन लगा रहे थे। इस पर जब उन्होंने वैक्सीन लगा रहे स्टूडेंट से कारण पूछा तो उसने कहा कि एचओडी सर ने कहा है कि एक ही सिरिंज से सबको वैक्सीन लगानी है।