
नीमच : मंगलवार को मध्यप्रदेश के नीमच जिले की सिंगोली तहसील के बाणदा पहुंचे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। भूरिया ने कहा कि भाजपा की शिवराज सरकार में लगातार बर्बरता व अमानवीयता की घटनाएं सामने आ रही है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है। लोग बेखोफ होकर कानून हाथ मे ले रहे है। कानून का कोई डर नजर नहीं आ रहा है सरकार नाम की कोई चीज कही नजर नही आ रही हैं।
मालूम हो कि बीते दिनों नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र में आदिवासी युवक को वाहन के पीछे बांधकर घसीटा गया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी। वहीं, इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 5 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था, जो मंगलवार को नीमच पहुंची। इसी दौरान मीडिया से बात करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने शिवराज सरकार पर करारा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आदिवासी लोगो को गाड़ी के पीछे रस्सी से बांधकर घसीट कर मारना कोई बच्चों का खेल नहीं है। प्रदेश में आदिवासियों पर आए दिन अत्याचार हो रहे हैं। सिंगोली में आदिवासी युवक की जिस बर्बरता से हत्या की गई वह निंदनीय है। हम भोपाल जाकर महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन देकर मांग करेंगे कि दोषियों का प्रकरण फास्टट्रैक कोर्ट में जाकर पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना होगा।
उन्होने आरोप लगाया कि प्रशासन ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया है। यहां तक कि पीड़ित परिवार को मृतक की अंत्येष्टि की राशि तक नहीं दी गई। भूरिया ने कहा कि मृतक को एक करोड़ रुपया मुआवजा तथा इस प्रकरण की सीबीआई जांच की वे मांग राष्ट्रपति से करेंगे।
भूरिया ने कहा कि मृतक के पुत्र दुर्गा शंकर के नाम से 1 करोड़ की नगद राशि, एक पक्का मकान व परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देना होगी। अगर ऐसा नहीं किया तो कांग्रेस प्रदेश में बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
बता दे कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ के द्वारा गठित कांग्रेस की 5 सदस्यीय जांच कमेटी मंगलवार को नीमच पहुंची। जांच दल में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कान्तिलाल भूरिया के अलावा विधायक दिलीप गुर्जर, पाचिलाल मेड़ा, मनोज चावला, हर्ष विजय गहलोत, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया आदि शामिल हैं।