MP के मंत्री के भतीजे की धारदार हथियार से काटकर की हत्या, खून से लथपथ मिला शव, मचा हड़कंप

मध्यप्रदेश/भिंड – मध्यप्रदेश के भिंड जिले से एक चौका देने वाला मामला सामने आया है, जहां नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के 28 वर्षीय चचेरे भतीजे मिथुन भदौरिया की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। मृतक मिथुन के गले में दायीं ओर तथा सिर एवं आंख पर बायीं ओर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। ग्रामीणों ने जब रास्ते में अलसुबह खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना की गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि वारदात 28 फरवरी व 01 मार्च की दरमियानी रात की हैं।
इधर, पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि हत्या के पीछे हमलावरों का क्या मकसद रहा और कितने लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि मृतक से किसी की पुरानी दुश्मनी नहीं थी। लिहाजा उसकी हत्या के पीछे किसी महिला से नाजायज संबंध का एंगल टटोला जा रहा हैं। बहरहाल पुलिस ने अछाईं गांव की एक महिला तथा उसके बेटे को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया हैं।
वहीं, हमलावरों द्वारा वारदात में उपयोग किया गया डंडा पुलिस को मिल गया हैं। लाश के पास ही स्थित करब की पूरियों में छिपाकर रखे गए डंडे को पुलिस ने बरामद कर लिया है जबकि धारदार हथियार पुलिस को नहीं मिल पाया हैं। इसके अलावा पुलिस को मौके से अन्य कोई भी ऐसा सुराग नहीं मिला है जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने इस वारदात को लेकर ग्रामीणों से भी पूछताछ की। जब ग्रामीणों वारदात के संबंध में जानकारी लेनी चाही तो वह मूक स्थिति में नजर आए। पुलिस के ज्यादा पूछने पर एक-दो ग्रामीणों ने बताया कि रात ज्यादा होने के कारण वह गहरी नींद में थे। लिहाजा उन्होंने किसी के चीखने की आवाज नहीं सुनी।
बता दें कि मृतक मिथुन सिंह नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का चचेरा भतीजा था। परिजनों ने बताया कि वह अकसर रात में उठकर गांव में चला जाया करता था। ऐसे में वारदात वाली रात जब वह उठकर गया तो परिवार के किसी भी व्यक्ति को यह आभास नहीं था कि उसके साथ हत्या जैसी वारदात हो सकती हैं।



.jpg)
