MP Rajyasabha By Election : उम्मीदवार होंगे कैलाश विजयवर्गीय? दिया बड़ा बयान….चर्चाओं का बाज़ार गरम

- निर्वाचन आयोग ने विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह को रिटर्निंग बनाया आफिसर
- 4 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
- कांग्रेस नहीं उतारेगी कोई उम्मीदवार, भाजपा से भी नाम तय नहीं
- थावरचंद गहलोत के इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुए है मप्र राज्यसभा की एक सीट
भोपाल/खाईद जौहर : केंद्रीय मंत्री से राज्यपाल बने थावरचंद गहलोत के इस्तीफा देने से रिक्त हुई राज्यसभा की मध्य प्रदेश की एक सीट के लिए अधिसूचना बुधवार को जारी हो गई। 22 सितंबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे और 27 सितंबर नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि होगी। मतदान 4 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा । शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए निर्वाचन आयोग ने विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह को रिटर्निंग आफिसर बनाया है।
इसी बीच कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है कि वह उम्मीदवार नहीं उतारेगी। कांग्रेस के इस ऐलान के बाद अब तय है कि राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाला चुनाव निर्विरोध होगा। सीट बीजेपी के खाते में जाएगी। वहीं, भाजपा के कई बड़े दावेदार राज्यसभा सीट की दौड़ में हैं। उनमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के नाम इस दौड़ में आगे चल रहें हैं। लेकिन कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा बयान देकर अपने नाम पर लग रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
कैलाश विजयवर्गीय ने खुद को राज्यसभा की रेस से बाहर बताया है। विजयवर्गीय ने कहा कि राज्यसभा में जाने का मेरा कोई इरादा नहीं है, जब भी मुझे पार्लियामेंट में जाना होगा तो चुनाव लड़कर ही जाऊंगा। इस बयान के बाद उन सभी कयासों पर विराम लग गया है। कैलाश ने भले ही अपने आपको इस रेस से बाहर कर लिया है, लेकिन पूर्व सीएम उमा भारती, कृष्ण मुरारी मोघे और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य का नाम अब भी चर्चा में बना हुआ है।
वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि मोदी कैबिनेट में कई नए मंत्री हैं, जो लोकसभा और राज्य सभा, दोनों सदनों के सदस्य नहीं हैं। इसमें से किसी एक को एमपी के कोटे से राज्यसभा सांसद बनाने की संभावना ज्यादा है। बता दे कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। एक सीट रिक्त है। यह सीट केंद्रीय मंत्री रहे थावरचंद गेहलोत के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। गहलोत अभी कर्नाटक गर्वनर हैं।
ये है विधानसभा का समीकरण
विधानसभा में दल की स्थिति के मुताबिक बीजेपी का इस सीट पर कब्जा बरकरार रहेगा, क्योंकि विधानसभा में बीजेपी बहुमत में है। जबकि कांग्रेस के 95 सदस्य हैं। इसके अलावा 4 निर्दलीय, बसपा के दो और सपा की सदस्य संख्या एक है। बता दें, विधानसभा में कुल 230 में से 3 सीट खाली है। पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र की सीटें विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुईं है।
ये है वर्तमान में स्थिति
मप्र राज्यसभा से 10 में से 6 सीटों पर BJP का कब्जा है, जबकि 4 पर कांग्रेस काबिज है। मालूम हो कि वर्तमान में ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह, संपतिया उईके, एमजे अकबर, विवेक तन्खा, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी, धर्मेंद्र प्रधान, राजमणि पटेल, सुमेर सिंह सोलंकी मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं।


.jpeg)

