MP : कोयले की कमी, बिजली का संकट, और अब सड़कों पर भैंस घुमाते नज़र आए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

- अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चित रहते है ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर
- भैंस की चेन पकड़कर उसे घुमाते नज़र आए मंत्री तोमर
- सोशल मीडिया पर तेज़ी के साथ वायरल हो रहा है वीडियो
ग्वालियर : हमेशा अपने कामों के चलते सुर्खियों में रहने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर हमेशा अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चित रहते हैं। कभी वह श्मशान घाट में सफाई करने तो कभी उफनते सीवर चैंबर में उतरने के लिए चर्चित रहें हैं। पर इस बार उनका अनोखा अंदाज लोगों को कम ही रास आ रहा है, क्योंकि मौका ही कुछ अलग है। बता दे कि जहां एक तरफ प्रदेश ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सड़कों पर भैंस को घुमाते हुए नज़र आ रहें हैं।
दरअसल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वो सड़क पर भैंस की चेन पकड़कर उसे ले जा रहे हैं। पीछे एक समर्थक अन्य भैंस की रस्सी को पकड़े हैं। सड़क पर अंधेरे में ट्रैफिक को हटाते हुए जा रहे हैं। उनकी सेवा में तैनात रहने वाला पुलिस बल उनके पीछे-पीछे जा रहा है। सड़क पर निकलते समय वह हंसी ठिठौली भी करते जा रहे हैं।
लोग इस वीडियो को प्रदेश में ऊर्जा संकट से जोड़कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं, जो काफी चर्चित हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को यह वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है यह एक रात पहले का है। वहीं, इस संबंध में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का पक्ष नहीं आया है। मालूम हो कि अपने अनोखे अंदाज के चलते मंत्री तोमर हमेशा चर्चा में रहे है। लेकिन इस बार का उनका अंदाज़ कुछ ज़्यादा ही सुखियां बटोर रहा है।
बता दे कि पूरे देश के पावर प्लांटों में कोयले की कमी का संकट का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखने लगा है। मध्य प्रदेश में भी बिजली संकट की आहट हो चुकी है। बिजली संकट से प्रदेश को बाहर निकालने के लिए प्रदेश सरकार अथक प्रयास कर रही है। वहीं, ऊर्जा मंत्री का दावा है कि प्रदेश में बिजली संकट नहीं होने दिया जाएगा।




