मप्र सरकार का विमान दुर्घटनाग्रस्त, अहमदाबाद से ग्वालियर ला रहा था रेमडेसिवीर इंजेक्शन की खेप, टला बड़ा हादसा

मध्यप्रदेश/ग्वालियर – मध्यप्रदेश के ग्वालियर में उस समय बड़ा हादसा टल गया जब मध्य प्रदेश सरकार का विमान ग्वालियर में वायुसेना के महाराजपुरा एयर बेस (Maharajpura Airbase) पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दरअसल ये विमान अहमदाबाद से रेमडेसिवीर इंजेक्शन की खेप लेकर ग्वालियर आ रहा। तभी प्री लैंडिंग के कारण विमान रनवे पर पलट गया।
इस हादसे में पायलट, तहसीलदार और अन्य क्रू मेंबर को चोट आई हैं। विमान पलटने के बाद एयरपोर्ट स्टाफ रेस्क्यू ने सभी को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर इलाज के लिए भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक पायलट शिव शंकर जायसवाल के जबड़े में फ्रैक्चर और पायलट सैयद माजिद अख्तर को पैर में डिस्लोकेशन हुआ हैं।
इसके अलावा रेस्क्यू टीम ने हवाई जहाज में रखे रेमडेसिवीर इंजेक्शन के बॉक्सेस को बाहर निकाल लिया, इंजेक्शन सुरक्षित बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि विमान में रेमडेसिवीर इंजेक्शन के 71 बॉक्स आये थे। जिसमें से 13 बॉक्स ग्वालियर के थे। शेष जबलपुर और भोपाल के थे। विमान को ग्वालियर में बॉक्स उतारने के बाद 9:45 बजे जबलपुर के लिए उड़ान भरनी थी और फिर वहीँ से भोपाल जाना था।




