
उमरिया। मध्य प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर उमरिया जिले में सोमवार रात छात्राओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस घटना में तीन छात्राएं घायल हो गई। बताया गया कि बस में कुल 26 छात्राएं सवार थी। जानकारी के मुताबिक, जबलपुर से छात्राओं को लेकर यह बस शहडोल जा रही थी। इस दौरान उमरिया के कोतवाली थाना अंतर्गत घोघरी घाट में अनियंत्रित होकर चट्टान में जा फंसी और नीचे गहरी खाई में पलटने से बच गई। इस घटना में तीन छात्राएं घायल हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही उमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। घायल तीन छात्राओं सहित सभी को उमरिया ले जाया गया है। छात्राएं शहडोल और अनूपपुर की बताई जा रही है। गनीमत रही कि बस खाई में पलटने से बच गई, नहीं तो कई छात्राओं की जान जा सकती थी।