कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर साधा निशाना, बोले – 18 साल में MP को सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल कर दिया
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी और सीएम शिवराज सिंह को प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के लिए जिम्मेदार बताया है। कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर उनके 18 साल के शासन के दौरान व्यापम और नर्सिंग कॉलेज घोटालों से प्रदेश की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट में लिखा कि, शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में मध्य प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में देश के सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल कर दिया है। यहां बीमार और गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस नहीं मिलती, आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज नहीं मिलता, मृतकों का उपचार दिखाकर घोटाला किया जाता है और व्यापम तथा नर्सिंग कॉलेज जैसे घोटालों से प्रदेश की छवि खराब की जाती है।
पीसीसी चीफ ने आगे अपने इस ट्वीट में आगे लिखा कि, कांग्रेस पार्टी ने इन हालात को बदलने का संकल्प लिया है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनायेंगे। प्रदेश के नागरिकों के लिए वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ करेंगे, जिसमें परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा।
स्वस्थ मध्यप्रदेश, खुशहाल मध्यप्रदेश।




