
प्रणय शर्मा,भोपाल। मध्य प्रदेश आगामी विधानसभा चुनावों में टिकट के बंटवारे को लेकर कमलनाथ अलर्ट है। इस बार चुनावों में टिकट पाने की आस लगाए कांग्रेसी नेताओं को कमलनाथ ने निराश कर दिया है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि इस बार केवल सर्वे के आधार पर ही टिकट वितरण किया जाएगा, ये बात अच्छे से समझ लें। उन्होंने कहा कि जो नेता मेरे फैसले से इत्तेफाक नहीं रखता या टिकट की मांग करता है, वो मेरे पास आकर सर्वे रिपोर्ट देख सकता है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ चाहते हैं कि कांग्रेस से सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों को टिकट दिया जाए जो अपने क्षेत्र में जीत दर्ज करने का दमखम रखते हों। कांग्रेस को अगर ऐसे उम्मीदवार मिलते हैं तो पिछली बार मिली 119 सीटों से ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सभी विधानसभा सीटों पर टिकट का वितरण सर्वे के आधार पर करवाना चाहते हैं। ऐसे में उन सभी कांग्रेसी नेताओं के चेहरे मुरझाने लगे हैं, जिन्हें उम्मीद थी कि दिल्ली में बैठे पार्टी आलाकमान नेताओं के सिफारिश के बाद टिकट मिल जाएगा। कमलनाथ के इस बयान से उन कांग्रेसी नेताओं के अरमानों पर पानी फिरता दिख रहा है जो पिछले चुनावों में टिकट की मांग कर रहे थे।
कमलनाथ ने पिछले बार भी सर्वे करवाया था और सर्वे के आधार पर ही कांग्रेस उम्मीदवारों को टिकट वितरण किया था। वही, इस बार भी कांग्रेस नेताओं को कमलनाथ इंटरनल सर्वे के आधार पर ही टिकट देंगे। जिन सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दौरा कर जांच पड़ताल की है, उन सभी सीटों की रिपोर्ट पीसीसी चीफ कमलनाथ को सौंपी जा चुकी है। ऐसे में कमलनाथ का अपना इंटरनल सर्वे और दिग्विजय सिंह की रिपोर्ट के आधार पर टिकट वितरण किया जाएगा।