
भोपाल : कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में नई मीडिया टीम बनाई है। जिसमें अभय दुबे को मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। वहीं, केके मिश्रा मीडिया विभाग के अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। इसके अलावा मीडिया विभाग में उपाध्यक्ष और 32 प्रवक्ताओं की सूची है।
लेकिन पीसीसी चीफ कमलनाथ अपनी मीडिया टीम के काम से खुश नहीं हैं। इसकी वजह है वो सर्वे रिपोर्ट जिसने प्रवक्ताओं की पोल खोल दी है। बताया जा रहा है कि जिस मीडिया टीम को कमलनाथ ने रखा है वही उनकी खबरें सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं कर रही हैं।
वहीं, इस मामलें में मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने बताया की – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट को शेयर नहीं किया जा रहा है। इसी बात की नाराज़गी है। बाकी जिनके काम में कमी है उन्हें सुधारा जा रहा है।
ये खुलासा हुआ रिपोर्ट में
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक सर्वे रिपोर्ट में ये बताया गया कि पार्टी प्रवक्ताओं की एक बड़ी फौज प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ से जुड़े ट्वीट को री ट्वीट और शेयर करने में परहेज करती हैं। सिर्फ टि्वटर ही नहीं बल्कि फेसबुक पर भी कमलनाथ के पोस्ट को शेयर नहीं किया जाता है। सर्वे रिपोर्ट में ऐसे प्रवक्ताओं के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने पार्टी से जुड़े ट्वीट को शेयर नहीं किया। इसमें पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी शामिल हैं।
इधर, इस मामलें में भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हितेश बाजपाई ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता केके मिश्रा का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा की – केके मिश्रा जी खुद बता रहे हैं कि कमलनाथ नाराज़ हैं प्रवक्ताओं से! कांग्रेस प्रवक्ता अपने कमलनाथ जी को ही नहीं RT करते! निकम्मे हैं कमजोर हैं! इसलिए कमलनाथ जी मीडिया विभाग से नाखुश हैं और कभी भी कुछ भी कर सकते हैं।