जबलपुर : शिक्षक ने छात्रों को बांट दिया कीड़े-घुन लगा काला गेंहू, कलेक्टर ने सहायक शिक्षक को किया निलंबित

जबलपुर : शिक्षक ने छात्रों को बांट दिया कीड़े-घुन लगा काला गेंहू, कलेक्टर ने सहायक शिक्षक को किया निलंबित
- प्रधानाध्यापक को निलंबित करने का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा
- शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलवास का मामला
द लोकनीति डेस्क जबलपुर
जिले के शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलवास में छात्रों को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत घटिया गुणवत्ता का खाद्यान्न देने के आरोप में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने सहायक शिक्षक सतीश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं लापरवाही के लिए स्कूल के प्रधानाध्यापक किशन सिंह उइके को निलंबित करने का प्रस्ताव भी कलेक्टर शर्मा ने संभागायुक्त को भेजा है।
ये था पूरा मामला
शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैलवास में छात्रों को मध्यान्ह भोजन खाद्यान्न में कीड़े-घुन लगा काला गेंहू व अनाज वितरण के शिकायत की जांच विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जबलपुर ग्रामीण से कराई गई थी। जांच के दौरान प्रधानाध्यापक किशन सिंह उइके और सहायक शिक्षक सतीश उपाध्याय की मध्यान्ह भोजन वितरण मामले में लापरवाही और अनियमितता प्रमाणित होना पाई गई।
स्व सहायता के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही का निर्देश दिए
कलेक्टर शर्मा ने इस कृत्य को मप्र सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए सहायक शिक्षक सतीश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी द्वारा सहायक शिक्षक के जारी निलंबन आदेश में श्री उपाध्याय का मुख्यालय विकासखंड कार्यालय जबलपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। वहीं कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को भी पत्र लिखकर स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का दायित्व संभाल रही अंबे स्व-सहायता के विरूद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही का निर्देश दिया है।



