14 ऐप्स पर भारत सरकार की ‘स्ट्राइक’, आतंकी कर रहे थे इनका इस्तेमाल

केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए एक बड़ा कदम उटाया है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान में आतंकवादियों की ओर से जम्मू और कश्मीर में अपना नेटवर्क चलाने के लिए कम्यूनिकेशन प्लेटफार्मों के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले 14 मोबाइल एप्लिकेशन को ब्लॉक कर दिया है। बता दें कि आतंकी इन ऐप्स का इस्तेमाल कश्मीर में अपने सपोर्टर्स और ऑन-ग्राउंड वर्कर के साथ कम्युनिकेशन करने के लिए कर रहे थे। केंद्र सरकार ने जिन ऐप्स पर बैन लगाया है उनमें क्रीपवाइजर, एनिग्मा, सेफस्विस, विकरमे, ब्रियर, बीचैट, मीडियाफायर, नंदबॉक्स, कॉनियन, आईएमओ, एलिमेंट, सेकेंड लाइन, जांगी और थ्रेमा शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें से ज्यादातर मोबाइल एप्लिकेशन को विशेष रूप से यूजर की पहचान छिपाने के लिए डिजाइन किया गया है। आपको बता दें कि देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले मोबाइल एप्लिकेशन पर कार्रवाई होना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले जून 2020 में भी केंद्र सरकार कई चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा चुकी है। पिछले कुछ वर्षों में भारत सरकार ने भारत की संप्रभुता-अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए पूर्वाग्रही होने का हवाला देते हुए लगभग 250 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था। जिनमें टिकटॉक, शेयरिट, वीचैट, हेलो, लाइक, यूसी न्यूज, बिगो लाइव, यूसी ब्राउजर, एक्सेंडर, कैंस्कैनर, पबजी मोबाइल और गरेना फ्री फायर जैसे लोकप्रिय मोबाइल गेम एप्लीकेशन शामिल हैं।

Exit mobile version