मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कि सभा में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, एक हफ्ते के भीतर दूसरी ऐसी घटना
ग्वालियर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कि सभा में उस वक़्त खलबली मच गई जब एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के सामने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। एक हफ्ते के अन्दर मुख्यमंत्री कि सभा में आत्मदाह करने के प्रयास का यह दूसरा मामला है। इससे पहले देवास में भी उनकी सभा में एक युवक ने ऐसा ही प्रयास किया था।
रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास कार्यों की समीक्षा और भूमि पूजन के लिए ग्वालियर पहुंचे थे। शहर के फूलबाग मैदान पर उनकी सभा आयोजित थी। सभा के दौरान जैसे ही मुख्यमंत्री का संबोधन शुरू हुआ तभी दर्शक दीर्घा की पहली लाइन में बैठा युवक शासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगा। उसके बाद युवक ने प्लास्टिक की बोतल से केरोसिन निकालकर खुद पर उड़ेल लिया। यह देखकर वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। युवक ने जब तक आग लगाने के लिए माचिस निकाली तब तक पुलिस वहां पहुंच गई और उसे दबोच लिया। पुलिस उसे तत्काल बाहर लेकर गई।
केरोसिन में भीगा युवक जाते-जाते नारे लगा रहा था कि मैं भूमाफिया से बहुत परेशान हूं, पप्पू शर्मा ने मेरी जमीन हड़प ली है, एसडीएम भी कुछ नहीं कर रहे, शासन मदद नहीं कर रहा इसलिए मरने आया हूं। जानकारी के अनुसार युवक का नाम धर्मेंद्र शर्मा निवासी आदित्यपुरम मुरैना है। उसने 2008 में एक जमीन खरीदी थी जिस पर पप्पू नामक दबंग ने कर कब्जा कर रखा है। तब से वह शासन और प्रशासन स्तर पर कई बार आवेदन कर चुका है और सीएम स्तर पर भी 5 बार शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। जिसके बाद उसने यह कदम उठाने का फैसला किया था।

.jpeg)


