ग्वालियर में डेंगू का कहर 24 घंटे में मिले 100 नए मरीज, लापरवाही बरत रही सरकार, उपचुनाव की दौड़ में है व्यस्त

- ग्वालियर में तेजी से पैर पसार रहा डेंगू, जिम्मेदार अधिकारी नहीं ले रहे सुध
- एक दिन में मिले 100 नए मरीज
ग्वालियर/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश में कोरोना के बाद अब डेंगू ने आतंक मचा रखा है. रोजाना प्रदेश के बड़े शहरों में डेंगू के मरीज बड़ी संख्या में पाए जा रहें हैं. तो वहीं ग्वालियर में 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा डेंगू के मरीज मिले हैं जिनमें 38 मरीजों की उम्र 18 साल से कम है. बता दें कि सभी का इलाज चल रहा है पिछले 24 घंटे में ही 81 घरों में रखे 102 कंटेनर में डेंगू का लार्वा भी मिला है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहर में कुल 214 सैंपल की जांच में 100 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, यह बहुत ही चिंताजनक विषय है. अगर डेंगू जल्द ही नियंत्रण नहीं हुआ तो कोरोना जैसे हाल हो सकते हैं.
तेज़ी के साथ बढ़ रही डेंगू के मरीजों की संख्या
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ऐसा भी माना जा रहा है कि डेंगू संदिग्ध और डेंगू पॉजिटिव आने का अनुपात भी पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहा है. पहले 100 जांच सैंपल में 25 और 30 डेंगू पॉजिटिव मिल रहे थे, लेकिन अब तो जांच सैंपल में 50 से 60 डेंगू के मरीज मिल रहे हैं इससे पता चलता है कि डेंगू तेजी से फैल रहा है और अब आंकड़ा 805 हो गया है. बढ़ते डेंगू मरीजों के आकड़ों के बाद भी सरकार का ध्यान उपचुनाव से नहीं हट रहा है. सरकार जगह-जगह उपचुनाव का प्रचार करने में लगी हुई है. इस परेशानी की और सरकार का ध्यान नहीं आकर्षित हो रहा है. बता दें कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने का दावा कर रहे अधिकारी डेंगू को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. यही कारण है कि अभियान के तौर पर न तो कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है और न ही फोगिंग को लेकर निगम का अमला गंभीर है. जिन इलाकों में तेजी से मरीज मिल रहे हैं, वहां भी फोगिंग की व्यवस्था नियमित नहीं है. इससे स्पष्ट है कि डेंगू का प्रकोप कम होने के स्थान पर तेजी से बढ़ रहा है.शहर में तेजी से फैल रहे डेंगू और मलेरिया के बाद भी प्रशासनिक तौर पर इस गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. हालांकि कागजी खानापूर्ति लगातार चल रही है.




