सिंधिया के कांग्रेस में लौटने के कितने आसार? कट्टर समर्थक तुलसी सिलावट का बड़ा बयान….हलचल तेज़

मध्यप्रदेश/इंदौर – ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक माने जाने वाले प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट का राहुल गांधी द्वारा की हुई टिपण्णी को लेकर बड़ा बयान सामने आया हैं। तुलसी सिलावट ने कहा कि जब ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक कांग्रेस में थे, कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे थे, तब कभी उनकी याद राहुल गांधी को नहीं आई। अब राहुल गांधी बताए कि किस मजबूरी के चलते कांग्रेस को सिंधिया की याद आ रही हैं। वहीं, राहुल गांधी की टिप्पणी को भ्रम बताते हुए सिलावट ने कहा कि अब हमारा जीना मरना भाजपा के साथ हैं। केंद्र में काबिज मोदी सरकार और प्रदेश में भाजपा संगठन के साथ मिलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके सभी समर्थक बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
दरअसल, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया की कमी कांग्रेस को खल रही हैं। शायद यही वजह है कि कांग्रेस अब भाजपा से सिंधिया का मोह भंग करवाना चाहती हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने सिंधिया को भाजपा का बैकबेंचर बताते हुए उनके मुख्यमंत्री पद पर होने को लेकर भी टिप्पणी की थी।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने कहा था की भाजपा में जाने के बाद सिंधिया केवल बैकबेंचर बनकर रह गए हैं। अब वो भाजपा में अपना वजूद खोज रहे हैं। मैंने उनसे कहा था कि आप मेहनत करिए एक दिन मुख्यमंत्री बनेंगे लेकिन उन्होंने दूसरा रास्ता चुना और वो कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इतना ही नहीं सिंधिया को ऑफर देते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस समंदर है, सबके लिए दरवाजे खुले हैं और किसी को आने से पार्टी में कोई नहीं रोकेगा और जो कांग्रेस के विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखते हैं उन्हें जाने से भी कोई नहीं रोकेगा।
इस से पहले राहुल गांधी के बयान का खुद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जवाब दिया। सिंधिया ने कहा कि काश उनको उनकी इतनी चिंता तब होती जब वह कांग्रेस में थे।




