विंध्य में तेजी से पांव पसार रहा है कोरोनावायरस

रीवा से गौरव सिंह की रिपोर्ट:- विंध्य में तेजी से कोरोना पांव पसार रहा है। प्रदेश के बाहर से आ रहे श्रमिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने लगी है। बुधवार को भी गुजरात के सूरत से लौटे मां-बेटा समेत 4 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें एक महिला, बालक व दो युवा शामिल हैं। चारों एक ही परिवार हैं। एक साथ छह लोगों का सैंपल लिया गया था। जिसमें चार पॉजिटिव आए। रीवा में अब तक कोरोना पॉजिटिव के कुल आठ केस हो गए।
एक ही घर के चार लोग पॉजिटिव
सीएमएचओ डॉ. आरएस पांडेय ने बताया कि बुधवार को गुढ़ तहसील क्षेत्र के दुआरी के निकट उमरिहा गांव के चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।सभी श्रमिक गुजरात के सूरत में काम करते थे। चारों 7 मई लौटकर रीवा आए। स्क्रीनिंग के दौरान लक्षण नहीं मिलने पर होम क्वारंटीन कर दिया गया। मंगलवार को उमरिहा गांव के लोगों ने सूचना दी कि गांव में बाहर से श्रमिक आए हैं। और इनकी जांच नहीं हुई है। जिसकेेे बाद मंगलवार को चारों को एबुलेंस से रीवा लाया गया। और उनका सैंपल जांच के लिए भेज गया। बुधवार की देर शाम रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव को डिहिया अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
अब तक कुल 613 सैंपल, 579 की रिपोर्ट निगेटिव
सीएमएचओ डॉ.आरएस पांडेय ने बताया कि बुधवार को 46 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लाए गए। जिसके बाद अब तक कुल सैंपल 613 हो गए। आज 55 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट आई है।अब तक कुल 579 की रिपोर्ट निगेटिव है। जबकि अभी 23 की रिपोर्ट नहीं आई है। इसके अलावा सीएमओ जानकारी दी कि अभी तक रीवा जिले के 3 तथा सतना जिले के एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति का इलाज चल रहा था जिसमें से एक महिला सरिता अग्रवाल की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से गत दिवस छुट्टी दी जा चुकी है। शेष भर्ती मरीजों की स्थिति सामान्य व स्थिर है। उन्होंने बताया कि रीवा शहर एवं त्योंथर के चंदई गांव के कन्टेनमेंट क्षेत्र में सभी आवश्यक व्यवस्थायें की गयी हैं। रीवा शहर के कन्टेनमेंट क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की स्थिति नहीं प्राप्त हुई है।
रीवा में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढकऱ हुई आठ
रीवा में अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढकऱ आठ हो गई। जिसमें डॉ सिंघल की बहन सरिता अग्रवाल की दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।जबकि बेटी तनीषा का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।इसके अलावा त्योंथर के चंदई गांव के श्रमिक की तबियत गंभीर बनी हुई है। मेडिकल कालेज मे शिफ्ट कर दिया गया है।
पांच दिन गांव में रहे कोरोना पॉजिटिव
सीएमएचओ ने इन चारो कोरोना पॉजिटिव के सात मई को रीवा आने की पुष्टि की है। बताया गया है कि रीवा में मार्तण्ड स्कूल में इनका परीक्षण हुआ था।डॉक्टरों के मुताबिक लक्षण नहीं मिलने पर उन्हें जाने दिया गया था। सभी को होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए थे।ये चारों कोरोना पॉजिटिव पांच दिन तक गांव में ही रहे।इस दौरान उन्होंने कितने लोगों से मुलाकात की।अभी इसका पता नहीं लगा है। बताया गया है कि इन युवकों के गांव में ठहरने पर स्थानीय लोगों ने गंभीर आपत्ति जताई थी।साथ ही इसकी शिकायत जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस कंट्रोलरूम में की थी।जिसमें कोरोना का संदेह जताया गया था।ग्रामीणों के विरोध पर मंगलवार को एबुलेंस भेजकर चारो को रीवा जिला अस्पताल लाया गया। इनके सैंपल लेने के बाद चारों बिछिया स्थित मंदिर में क्वारंटीन हो गए थे। बुधवार को रिपोर्ट आने के बाद उन्हें आइसोलेशन में रखा गया।




