ज्ञानवापी सर्वे : हिंदू पक्ष ने किया शिवलिंग मिलने का दावा, मस्जिद कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका, सुनवाई आज

वाराणसी : ज्ञानवापी परिसर के सर्वे की शुरुआत 14 मई को हुई थी। सर्वे के आखिरी दिन हिंदू पक्ष ने ज्ञानवापी मस्जिद के वजूखाने में शिवलिंग मिलने का दावा किया था। हिंदू पक्ष के दावे पर अदालत के आदेश से उस जगह को सील कर दिया गया है। वहीं, मुस्लिम पक्ष ने हिंदू पक्ष के दावे का खंडन करते हुए उसे फव्वारा बताया है।
वहीं, ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट आज सिविल जज सीनियर डिवीजन रवि कुमार दिवाकर की अदालत में पेश की जा सकती है। हालांकि स्पेशल एडवोकेट कमिश्नर विशाल सिंह का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट विस्तार से बनाई जानी है, ऐसे में थोड़ा सा समय लग सकता है। इसलिए अदालत में कमीशन की रिपोर्ट पेश होने के संबंध में दोपहर बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
इधर, मसाजिद कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दाखिल की है। अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी ने वाराणसी कोर्ट के सर्वे के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इस पर जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच कल सुनवाई करेगी।




