खेलो इंडिया में फिल्म एक्टर आर माधवन के बेटे वेदांत ने जीता गोल्ड
भोपाल। प्रदेश में इन दिनों खेलो इंडिया की धूम मची हुई हैं। भारत के कोने कोने से खिलाडी यहाँ आकर इसमें भाग ले रहे हैं। वहीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैराकी प्रतियोगिता में सोमवार को बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन के बेटे वेदांत ने बॉयज की 200 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है। वे महाराष्ट्र की टीम से खेल रहे थे। उन्होंने 1.55.39 मिनट के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं गुजरात के देवांश परमार 1.55.75 मिनट के साथ दूसरे और राजस्थान के युग चेलानी 1.55.95 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वेदांत माधवन पांच दिनी तैराकी प्रतियोगिता में पांच स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। इसमें 100 मीटर, 200, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर शामिल हैं।
मध्यप्रदेश को 2 गोल्ड, 3 कांस्य
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मंगलवार को मध्यप्रदेश को दो गोल्ड मिले। महेश्वर के सहस्रधारा में जारी कैनो स्लैलम में सीहोर के विशाल वर्मा ने कैनो और भूमि बघेल ने कयाक में स्वर्ण पदक जीते। उज्जैन में मप्र की टीमों ने राज्य खेल मलखंब में दो गोल्ड मेडल पक्के कर लिए हैं, हालांकि फैसला अभी नहीं हो पाया है। वेटलिफ्टिंग-तीरंदाजी में 1-1 ब्रॉन्ज मिला है। जबलपुर में तलवारबाजी में उस्तद सिंह को ब्रॉन्ज मेडल मिला है।