ग्लोबल गूंजजागते रहोताज़ा खबरेंपॉलिटिकल डोज़मेरा देशराज्यों सेलोकप्रिय खबरेंसभी खबरें

धीरेन्द्र शास्त्री पर लगा धार्मिक भावना आहत करने का आरोप, मुंबई में हुई शिकायत

भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। एक बार फिर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने शिरडी के साईं बाबा के खिलाफ विवादत बयान दिया था जिसके चलते उनके खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज की गई है। इसे लेकर उद्धव बालासाहेब ठाकरे की युवा सेना ने FIR दर्ज करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे की पार्टी युवा सेना के लोगों ने मुंबई में बांद्रा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है। बागेश्वर बाबा पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री शिरडी साईं बाबा के भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे है। दरअसल, बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जबलपुर के पनागर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के आखिरी दिन प्रबुद्ध जनों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उनसे साईं बाबा की पूजा आराधना की पद्धति को लेकर एक सवाल किया गया, जिसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने साईं बाबा को भगवान मानने से साफ तौर पर इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे धर्म के शंकराचार्य ने साईं बाबा को देवताओं का स्थान नहीं दिया है और शंकराचार्य की बात मानना, प्रत्येक सनातनी का धर्म है, क्योंकि वो अपने धर्म के प्रधानमंत्री हैं।

गीदड़ की खाल पहनकर कोई शेर नहीं बन सकता
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि कोई भी संत चाहे गोस्वामी तुलसीदास जी हो या सूरदास जी हो… ये संत हैं, महापुरुष हैं, युग पुरुष हैं, कल्प पुरुष हैं, लेकिन भगवान नहीं… हम किसी की भवना को ठेस नहीं पहुंचा सकते, लेकिन कह सकते हैं कि साईं बाबा संत हो सकते हैं, फकीर हो सकते हैं.. भगवान नहीं हो सकते। आगे उन्होंने कहा कि लोग इसको कंट्रोवर्सी में ले लेंगे, लेकिन बोलना भी बहुत जरुरी है कि गीदड़ की खाल पहनकर कोई शेर नहीं बन सकता। इस दौरान वहां मौजूद जनता ने खूब ताली बजाई। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर मैं चक्र लगाकर कहूं कि मैं शंकराचार्य हूं. क्या मैं बन जाऊंगा.. नहीं.. नहीं बन सकते.. भगवान भगवान हैं, संत संत हैं।

बता दें कि शंकराचार्य ने साईं बाबा को भगवान मानने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि साईं बाबा की पूजा करना गलत है। उन्होंने साईं बाबा का मंदिर बनाने का भी विरोध किया था। शंकराचार्य ने कहा कि साईं बाबा कोई भगवान नहीं है जो उनकी पूजा की जाए। उन्होंने कहा कि साईं बाबा हिन्दू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है तो फिर सिर्फ हिन्दू ही क्यों साईं बाबा की पूजा करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button