सभी खबरें

दमोह फतह के लिए कांग्रेस ने उतारी युवाओं की फौज, विक्रांत भूरिया ने दिया हर बूथ-10 यूथ का मंत्र

द लोकनीति डेस्क : गरिमा श्रीवास्तव – दमोह उपचुनाव के लिए यूथ कांग्रेस ने कसी कमर, अमन दुबे बोले- लोकतंत्र के सौदेबाजों को सबक सिखाना जरूरी, ताकि भविष्य में कोई यह दुस्साहस न कर सके।

मध्यप्रदेश के दमोह में होने वाले आगामी विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। कांग्रेस ने इस महासंग्राम के लिए विशेष रणनीति अपनाते हुए विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की फौज मैदान में उतार दी है। इस रणनीति के तहत कांग्रेस के यूथ विंग युवक कांग्रेस चुनाव प्रचार में फ्रंट फुट पर खेल रही है। मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को “हर बूथ- 10 यूथ” का मूल मंत्र दिया है।

उपचुनाव को देखते हुए युवक कांग्रेस ने दमोह में ही आज प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई थी। उपचुनाव के मद्देनजर वोटिंग से ठीक एक हफ्ते पहले दमोह में हुई युवक कांग्रेस की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। दमोह क्षेत्र के युवाओं को साधने के लिए आयोजित इस बैठक में युवक कांग्रेस के सैंकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिसमें चुनाव के आखिरी दिनों में क्या रणनीति अपनाई जाएगी इसपर विशेष चर्चा की गई।

नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए ऑल-इज-वेल कह रही सरकार- भूरिया

 बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कोरोना को लेकर शिवराज सरकार को निशाने पर लिया। भूरिया ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कोरोना को लेकर झूठे आंकड़े पेश कर रही है। उन्होंने कहा, 'कोरोना से लड़ने में प्रदेश की बीजेपी सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। ये सीएम शिवराज की सत्ता के लालच का ही नतीजा है जो आज प्रदेश में कोरोना से हजारों की संख्या में मौत हो रही है। लेकिन विडंबना यह है कि सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए झूठे आंकड़े पेश कर “ऑल-इज-वेल” का संदेश देने में लगी हुई है।

सौदेबाजों को सबक सिखाना जरूरी- दुबे

बैठक के दौरान मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता अमन दुबे ने दमोह के युवाओं से सौदेबाजों को सबक सिखाने की अपील की। दुबे ने कहा कि, 'दमोह के युवाओं के पास सौदेबाजों को सबक सिखाने का अवसर है। देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐसे उमीदवार को सबक सिखाया जाए जिसने लोकतंत्र का सौदा किया।' दुबे ने बीजेपी उम्मीदवार राहुल लोधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिसने अपने फायदे के किए जनता का विश्वास बेचने का कुकृत्य किया है उसे हराकर लोकतंत्र के जीत का संदेश देना होगा। ताकि भविष्य में कोई भी प्रतिनिधि वोट का सौदा करने का दुस्साहस न कर सके।

गौरतलब है कि आगामी 17 अप्रैल को दमोह विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने वाला है। बीजेपी ने कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाले राहुल लोधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस की ओर से दिग्गज नेता अजय टंडन ताल ठोक रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button