Coronavirus Returns : केंद्र सरकार ने इन 5 राज्यों में जारी किया अलर्ट, कही ये बात

नई दिल्ली : एक ओर देश में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है, लेकिन दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, केरल और मिजोरम में पिछले सात दिन में पॉजिटिविटी रेट अचानक बढ़ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में केरल में 353, महाराष्ट्र में 113, हरियाणा में 336 और मिजोरम में 123 मामले सामने आए हैं।
इन राज्यों में लगातार बढ़ रहें कोरोना मरीज़ों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दिल्ली, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र और मिजोरम की सरकारों को चिट्ठी लिखी है। जिसमें कहा गया है कि राज्य सरकारें हालात की गंभीरता से समीक्षा करें और जरूरी होने पर कोविड-19 को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी करें।
गौरतलब है कि दुनिया में इन दिनों कोरोना वायरस संक्रमण फिर से उछाल मार रहा है। इसके नए वेरिएंट एक्सई के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1150 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि, 83 लोगों की मौत दर्ज की गई है। वहीं, कोरोना के सक्रिय केस की संख्या 11365 है।




