सिहोरा : जियोमिन प्लांट में फूटा कोरोना बम, एक दिन में दस कर्मचारी निकले पॉजिटिव

- जियोमिन प्लांट में फूटा कोरोना बम, एक दिन में दस कर्मचारी निकले पॉजिटिव
- प्रशासन की लापरवाही लोगों पर पड़ेगी भारी : खितौला और गोसलपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल
द लोकनीति:डेस्क जबलपुर
प्रशासन की लापरवाही के चलते सिहोरा तहसील के गोसलपुर स्थित जियोमिन प्लांट में कोरोना का बम फ़ूट गया है। एक दिन में प्लांट में काम करने वाले दस कर्मचारियों की कोविड 19 रिपोर्ट पॉजिटव आई है। इसके बावजूद प्रशासन ने अभी तक प्लांट को सील नही किया है। जियोमिन प्लांट में लगातार कोविड 19 के मामले सामने आने से सिहोरा, मझौली सहित गोसलपुर क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
शनिवार देर रात मिली जांच रिपोर्ट में जियोमिन प्लांट में काम करने सात लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है।
जियोमिन फेक्ट्री गोसलपुर में कार्यरत नया मोहल्ला जबलपुर में केजीएन फ्लोर मिल के पास किराये के मकान में रहने वाला 36 वर्षीय पुरूष, जियोमिन फेक्ट्री गोसलपुर में आपरेटर ग्राम हरगढ़ पान उमरिया रोड खितौला निवासी 33 साल का पुरुष, जियोमिन फैक्टरी के ही 19 वर्ष, 30 वर्ष, 32 वर्ष, 38 वर्ष एवं 48 वर्ष के कर्मचारी शामिल है। इसके पहले सुबह मिली जांच रिपोर्ट में जियोमिन में काम करने वाला खितौला वार्ड नंबर 16 का 26 वर्षीय युवक, गोसलपुर की शंकर कॉलोनी में रहने वाला 36 वर्षीय युवक और जिओमीन प्लांट में कार्यरत 35 वर्षीय कर्मचारी की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सभी को मेडिकल से पहुंची टीम सुखसागर कोविड-19 सेंटर ले गई थी।
गोसलपुर में हुए दो पॉजिटिव, खितौला में खुला खाता : जिओमिन प्लांट में काम करने वाले गोसलपुर क्षेत्र के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसको लेकर गोसलपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल लोगों में देखा जा रहा है। लोगों का तो साफ-साफ कहना है कि यह सब प्रशासन की लापरवाही के कारण हो रहा है शुरुआती दौर में ही जियोमिन प्लांट में 3 कर्मचारियों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई थी, उसी समय प्लांट को सील कर दिया जाना था। कोविड-19 की चेन बनने और पॉजिटिव लोगों की कॉन्ट्रैक्ट हिस्ट्री सही तरीके से नहीं खाना ले जाने के कारण लगातार कोरोना के मामले जियोमिन में बढ़ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ खितौला में एक युवक के कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के बाद क्षेत्र में लोगों को दहशत में देखा जा रहा है।
अभी आधे कर्मचारियों की भी नहीं आई रिपोर्ट : स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्लांट में दो लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अमले ने करीब 90 कर्मचारियों किस सैंपल जांच के लिए लैब भेजे थे। जिसमें से सिर्फ अभी 40 सैंपल की जांच रिपोर्ट मिल पाई है।




