सभी खबरें

Mission 2023 : कांग्रेस ने बनाई मेनिफेस्टो कमेटी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बताई ये बड़ी बात

भोपाल : मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस ने इसकी तैयारियां तेज़ कर दी है। बुधवार रात नेता प्रतिपक्ष और पीसीसी चीफ कमलनाथ के बंगले पर एक बड़ी बैठक हुई। बैठक के बाद सभी नेताओं ने एक साथ डिनर किया। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि कांग्रेस की यह बैठक पार्टी को एकजुट रखने और मिशन 2023 की रणनीति को धार देने के लिए बुलाई गई थी। 

वहीं, कांग्रेस ने 2023 के लिए मेनिफेस्टो कमेटी बना दी है। इस कमेटी ने अब प्रदेश से जुड़े तमाम मुद्दों पर मंथन शुरू कर दिया है। वचन पत्र में जनता के साथ हर वर्ग और हर सेक्टर से जुड़े तमाम मुद्दों को शामिल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 2023 के वचन पत्र में अधूरे रह गए पुराने मुद्दों के साथ नये वचन शामिल किए जाएंगे। इसमें किसान कर्ज माफी से लेकर नये मुद्दों पर फोकस रहेगा। 

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बताया मेनिफेस्टो कमेटी बन चुकी है। जो काम अधूरा है हम उसे पूरा जरूर करेंगे। पुराने मेनिफेस्टो के बिंदु इस बार भी शामिल किए जाएंगे। साथ ही नये मुद्दों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा 2023 चुनाव के लिए जमावट शुरू हो गई है। आगे कार्यक्रम होंगे। बैठक भी होगी। 

इधर, कमलनाथ की बैठक पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के तंज कसने पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कोई बैठक छोटी या बड़ी नहीं होती। सभी बैठक महत्वपूर्ण होती हैं। बीजेपी पहले अपना घर संभाल ले फिर हमसे बात करे। उनके बारे में कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button