सभी खबरें

कांग्रेस का दावा : पांच और वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर हैंडल को किया सस्पेंड, जानिए क्या है पूरा मामला 

नई दिल्ली : बुधवार देर रात कांग्रेस ने इस बात का दावा किया है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद पार्टी के मीडिया प्रमुख रणदीप सुरजेवाला सहित पांच वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर हैंडल को सस्पेंड कर दिया गया हैं। पार्टी की तरफ से कहा गया कि AICC महासचिव और पूर्व मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के व्हिप मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिए गए हैं।

रणदीप सुरजेवाला ने राहुल गांधी द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा- “मोदी सरकार दलित की बेटी को न्याय देने की बजाय, हमदर्दी व न्याय मांगने वाली बुलंद आवाज़ को दबाने का षड़यंत्र कर रही है। मोदी जी, #Twitter को डरा कर, श्री राहुल गांधी का अकाउंट बंद करा कर भी बेटी से न्याय की आवाज़ नही दबा पाएंगे। ट्विटर को दबाएं या FIR दर्ज कराएं, न्याय देना होगा.”

अगले ट्वीट में सुरजेवाला ने लिखा- “वाह मोदी जी, 2 अगस्त को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग दिल्ली की अबोध बेटी से मुलाक़ात कर मां-बाप की फ़ोटो #twitter पर लगाए, तो सही. बीजेपी की पूर्व सांसद व SC आयोग की मेम्बर 3 अगस्त को मां-बाप की फ़ोटो #Twitter पर लगाए, तो ठीक और राहुल गांधी जी बेटी के लिए न्याय मांगे तो अपराध!”

वहीं, कांग्रेस ने कहा कि जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद…सत्यमेव जयते।

इधर, पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी एआईसीसी सचिव ने इस कार्रवाई के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और ट्विटर प्रमुख जैक डोरसी को दोषी ठहराया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, “कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया और सभी के साथ अन्याय होने पर लड़ाई जारी रखने का वादा किया। हम नहीं रुकेंगे।” उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट्स को लॉक करने से उनकी लड़ाई में कोई बाधा नहीं आएगी।

क्या है पूरा मामला 

दरअसल, दिल्ली कैंट से सटे इलाके में नाबालिग दलित बच्ची की कथित तौर पर रेप के बाद हत्या से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी ने न्याय की मांग करते हुए बच्ची के माता-पिता के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट की थी। राहुल गांधी के ट्वीट के खिलाफ राष्ट्रीय बाल आयोग की शिकायत के बाद ट्विटर ने ना केवल राहुल गांधी का ट्वीट हटा दिया बल्कि उनके अकाउंट पर अस्थाई रोक भी लगा दी। ट्विटर के जरिए रोजाना मोदी सरकार पर हमला करने वाले राहुल गांधी पाबन्दी के कारण दो दिनों से ट्वीट नहीं कर पाए हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button