दिग्विजय सिंह समेत 70 कांग्रेसियों पर मामला दर्ज…

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समेत 70 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ खजुराहो थाने का घेराव करने और टेंट लगाकर धरना देने पर आचार संहिता का उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा की मांग के बाद यह कार्रवाई की गई है। दरअसल, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार रात को छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और विधायक विक्रम सिंह उर्फ नाती राजा के वाहन चालक सलमान खान की मौत हो गई।
कांग्रेस की मांग पर इस मामले में भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उनके समर्थक 30-35 भाजपा कार्यकर्ताओं पर गाड़ी से कुचलकर सलमान की कथित हत्या किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में भाजपाइयों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खजुराहो थाने के सामने बिना अनुमति धरना दिया।
इस धरना को आचार संहिता का खुला उल्लंघन बताकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। छतरपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस विधायक नातीराजा सहित करीब 70 लोगों पर खजुराहो थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भदंवि की धारा 188 के अंतर्गत दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एडीएम के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन किया गया था।
भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और राजनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा सहित 60-70 अन्य के विरुद्ध मुकदमे के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कानून क्या दिग्विजय सिंह की जेब में है? मध्य प्रदेश के 10 वर्ष तक मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय सिंह ने कानून का पालन नहीं किया, मैं तो मांग करता हूं कि दिग्विजय सिंह के विरुद्ध धाराएं बढ़ाई जाएं। दिग्विजय सिंह ने लोगों को उकसाया कि वे प्रदर्शन करें।